-हिण्डन नदी के लिए विशेष कार्य योजना, प्रदूषण रोकथाम पर विस्तार से चर्चा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में पर्यावरण संरक्षण और जल स्वच्छता को लेकर शुक्रवार को जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल और जिला वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीमती ईशा तिवारी ने की। इस दौरान जिले में वायु, जल और भूमि प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की गई और सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने पर चर्चा हुई। बैठक में डस्ट कंट्रोल ऐप पर पंजीकरण, समीर ऐप पर लंबित शिकायतों, वायु प्रदूषण रोकथाम, सड़कों की सफाई, सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, औद्योगिक अपशिष्ट निस्तारण, कूड़ा जलाने पर रोक, सड़क मरम्मत और लू से बचाव के उपाय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। सीडीओ अभिनव गोपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल एवं पर्यावरण को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं, जिससे जिले के नागरिकों को शुद्ध जल और साफ वातावरण मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से हिण्डन नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने पर जोर दिया और संबंधित विभागों को सप्ताह भर के भीतर कार्ययोजना और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि हिण्डन नदी में गिरने वाले सभी टैप और अनटैप नालों का पूरा विवरण प्रस्तुत किया जाए और इसे प्रदूषण मुक्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। नगर निगम, जल निगम, जीडीए, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों को मिलकर नदी के सौंदर्यीकरण और प्रदूषण रोकथाम पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), नगर निगम, वन विभाग, पर्यावरण विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी), स्वास्थ्य विभाग, सूचना विभाग, भूगर्भ जल विभाग, नगर पालिका और नगर पंचायत सहित कई विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस बैठक से उम्मीद की जा रही है कि जल, वायु और भूमि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और जिले में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
















