सौर ऊर्जा से रोशन होगा हर घर: विकास भवन में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर सीडीओ ने की बैठक

-मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता, सोलर सिस्टम की प्रगति रिपोर्ट से लेकर प्रचार-प्रसार तक पर दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मंगलवार को विकास भवन में एक अहम समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल ने की। उन्होंने जिले में योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यह योजना सिर्फ सरकारी लक्ष्य नहीं बल्कि हर आम नागरिक को आत्मनिर्भर बनाने का साधन है। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि स्मार्ट मीटर और नेट मीटर से जुड़ी समस्याओं को चिन्हित कर जोन और डिवीजन वाइज रिपोर्ट तैयार की जाए। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखकर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

सीडीओ ने कहा कि योजना के अंतर्गत अब तक कितने सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए गए हैं और कितने आवेदन लंबित हैं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही जिन वेन्डर्स को आवेदन सूची सौंपी गई थी, उनके प्रदर्शन का भी मूल्यांकन करते हुए साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है। योजना की पहुंच आम नागरिकों तक सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने आरडब्ल्यूए और एओए की सूची तैयार कर उनके माध्यम से प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया। वहीं, मीटर रीडरों की भी योजना में सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी ताकि जमीनी स्तर पर योजना की जानकारी आसानी से लोगों तक पहुंचे।

शैक्षिक संस्थानों को भी योजना का हिस्सा बनाने पर बल देते हुए सीडीओ ने कहा कि सभी स्कूल, इंटर कॉलेज और अन्य संस्थानों में विशेष बैठकें आयोजित कर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही उन्होंने आदेश दिया कि सभी तहसील कार्यालयों और बिजली घरों में वॉल पेंटिंग और बैनर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उपजिलाधिकारी कार्यालयों में योजना से संबंधित स्टॉल लगाए जाएं ताकि आम जनता सीधे योजना की जानकारी ले सके और लाभ उठा सके। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वय और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचे। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।