ईवीएम मशीनों की गुणवत्ता एवं सूक्ष्मता से कराई जांच: डीएम

गाजियाबाद। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवी पैट वेयर हाउस में मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग के कार्य का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,रिटर्निंग अधिकारी डॉ.संतोष कुमार उपाध्याय,सदर तहसीलदार रवि कुमार सिंह,एसीओ विवेक सिंह आदि अधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवी पैट वेयर हाउस में ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग के कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मशीनों के कमीशिनिंग कार्य की गुणवत्ता एवं सूक्ष्मता से जांच कराई गई।

उन्होंने कुछ मशीनों की कमीशिनिंग प्रक्रिया को अपने सम्मुख पूर्ण कराया और सभी निर्वाचन कार्मिकों एवं जांचकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ईवीएम मशीन की सूक्ष्मता से जांच करने के उपरान्त जब पूर्णता निश्चिंत हो जाए। ईवीएम मशीन शत-प्रतिशत ठीक है,तभी उसे मतदान के दिन स्वीकृत किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित किया कि वह पूर्ण जानकारी के साथ सावधानी से मशीनों की जांच करें। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कोई भी ईवीएम खराब नहीं मिलनी चाहिए।