-बिना लाइसेंस के पिलाई जा रही थी शराब, मनोरंजन के लिए मंगाई गई थी दो लड़कियां
-आयोजक, केयरटेकर व दो लड़की समेत 13 लोग गिरफ्तार, प्रचार के लिए पोस्टर किया था जारी
गौतमबुद्ध नगर। नोएडा सेक्टर-135 में स्थित एक फार्म हाउस में अवैध तरीके से चल रही मुजरा पार्टी का आबकारी विभाग एवं नोएडा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आयोजक, केयरटेकर व दो लड़की समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी मुजरा पार्टी के नाम पर बकायदा पार्टी में आने के लिए 5000 से लेकर 3000 रुपये तक में टिकट बेच रहे थे। पोस्टर जारी होने के बाद पुलिस व आबकारी विभाग हरकत में आया और कार्रवाई के लिए अपना एक्शन प्लान तैयार कर संयुक्त कार्रवाई की। शुरुआती जांच में आयोजक ने एक गाने का लॉन्चिंग के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया था। आयोजक ने मुजरा पार्टी में आने वाले ग्राहकों के लिए शराब की भी व्यवस्था की हुई थी। जिसके लिए आबकारी विभाग से लाइसेंस भी नहीं लिया हुआ था।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार रात को मुखबिर से सूचना मिली कि नोएडा सेक्टर-135 में स्थित राजमहल फार्म हाउस में मुजरा पार्टी के नाम से अवैध रूप से शराब पिलाई जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक डॉ शिखा ठाकुर की टीम गठित की गई। टीम ने थाना 135 एक्सप्रेसवे के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच कर देखा तो अनैतिक गतिविधियों हो रही थी। कार्यक्रम आयोजक अमृत गुप्ता पुत्र लालचंद गुप्ता निवासी फतेहपुर नई दिल्ली और केयरटेकर कुशाल केसवानी पुत्र राजू केसवानी निवासी पूना महाराष्ट्र से जब शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो दिखा नहीं पाए।
जहां पर आयोजक एवं केयर टेकर व दो लड़की समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से दो बड़े व दो छोटे जेबीएल कंपनी के एक बड़ा स्पीकर, सैमसंग कंपनी का वह दो स्पीकर स्टैंड, एक डीजे एमप्लीफायर, डीपी 12000 क्लास डी, एक डीजे साउंड मिक्सर फोनिक्स कंपनी, एक डीजे लेजर लाइट, 5 बड़े व छोटे हुक्के भिन्न-भिन्न रंग के आकृति व आकार के और 11 डिब्बे नशीली तंबाकू के व एक अंगीठी कोयला मय चिमटा दो भरी हुई शराब की बोतल, एक बोतल ब्लेंडर्स प्राइड, एक बोतल ओक स्मिथ गोल्ड, 6 खाली बोतल (1 जॉनी वॉकर, रेड लेबल हरियाणा मार्का, 2 बाल ब्लेयर यूपी मार्का, 1 रॉयल सेल्यूट हरियाणा मार्का, 1 ब्लेंडर प्राइड हरियाणा मार्का, एक एब्सलूट वोडका हरियाणा मार्का बरामद किया गया। आयोजक ने कार्यक्रम के लिए आबकारी विभाग से लाइसेंस नहीं लिया हुआ था और साथ ही हरियाणा शराब का सेवन करा रहा था।
सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। पकड़ा गए आयोजक ने कार्यक्रम के लिए मुजरा पार्टी के नाम से कार्यक्रम रखा था, जिसका एक पोस्टर भी जारी किया गया था। जिसके लिए बकायदा एंट्री फीस भी तय की गई थी। मुजरा पार्टी में आने वालों के लिए 3 हजार से लेकर 5 हजार रुपये तक वसूले जा रहे थे। इसके अलावा टीम द्वारा शुक्रवार रात को सेक्टर-117 स्थित इवेंट बार रेस्टोरेंट, अदब, यम्मी टमी, चटोरे नुक्कड़, अर्बन नाइट्स आदि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी रेस्टोरेंट संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की मुहिम आगे भी जारी रहेगी। बिना लाइसेंस के शराब पार्टी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

















