-हरियाणा से दिल्ली ले जाई जा रही थी सस्ती शराब, पार्टी की जगह तस्कर ने मनाई जेल में रात
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग ने अपना शिकंजा कस दिया है। लगातार हो रही कार्रवाई के चलते हर दिन अवैध शराब तस्करों की पोल खुल रही है, और एक के बाद एक तस्कर गिरफ्त में आ रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार तड़के आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जो हरियाणा से सस्ती शराब दिल्ली ले जा रहा था। लेकिन तस्करी के लिए उठाया गया यह कदम आरोपी को 60,000 रुपये की शराब के बदले 12 लाख रुपये की भारी कीमत चुका बैठा। शराब के साथ पकड़ी गई उसकी महंगी एक्सयूवी-700 सव कार भी जब्त कर ली गई, जिससे उसे लाखों का नुकसान झेलना पड़ा। जनपद में नई आबकारी नीति को लेकर चल रहे कामकाज को देख कुछ तस्कर भी अपने धंधे को चमकाने का प्रयास करने लगे है।
भले ही आबकारी विभाग की टीमें सरकारी कामकाज में कितना व्यस्त हो, मगर शराब तस्करों को बिल्कुल भी संभलने का मौका नहीं दे रही है। देर रात आबकारी विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को पकड़ा है। पकड़ा गया व्यक्ति हरियाणा की सस्ती शराब लेकर दिल्ली जा रहा था। उक्त शराब को व्यक्ति घर में होने वाली पार्टी में खपाने की तैयारी में था। आबकारी विभाग ने शराब माफियाओं के खिलाफ अपनी कमर कस ली है। चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी के चलते अब तस्करों को शराब लाने और ले जाने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा। इस अभियान के तहत हर दिन औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, और अब तक कई तस्कर गिरफ्तार हो चुके हैं।
ऐसे पकड़ा गया शराब तस्कर, नहीं बच पाई एक्सयूवी-700
गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सिरसा कट पर अस्थायी चेकपोस्ट लगाया था। देर रात मेरठ प्रवर्तन आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह और आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पूर्वी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक लग्जरी एक्सयूवी-700 कार तेजी से आती दिखी। टीम ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन तस्कर ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। हालांकि, आबकारी टीम की मुस्तैदी के चलते तस्कर ज्यादा दूर नहीं जा सका और उसे दबोच लिया गया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो डिग्गी में छिपाकर रखी गई पांच पेटी रॉकफोर्ड क्लासिक शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 60 बोतलें थीं।
जन्मदिन की पार्टी के लिए लाया था शराब, पहुंच गया जेल
गिरफ्तार तस्कर की पहचान मेरठ निवासी आकाश कुमार पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह शराब को दिल्ली में एक पार्टी के लिए लेकर जा रहा था। हालांकि, आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई के चलते उसकी पार्टी जेल में ही मन गई। टीम ने मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल की गई 12 लाख रुपये की कार को भी सीज कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने तस्करों को दी कड़ी चेतावनी
गौतमबुद्ध नगर के जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और विभाग की टीमें 24 घंटे तीन शिफ्टों में चेकिंग कर रही हैं। सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी तस्करी में संलिप्त पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिले को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने तस्करों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे अपने अवैध कारोबार को बंद कर दें, क्योंकि आबकारी विभाग किसी भी प्रकार की लापरवाही या तस्करी को सहन नहीं करेगा।
शराब तस्करों पर क्यों है इतनी सख्ती:
• दिल्ली में महंगी शराब की तुलना में हरियाणा की शराब काफी सस्ती मिलती है, जिससे तस्कर इसे गुप्त रूप से लाकर अधिक मुनाफे में बेचने की कोशिश करते हैं।
• अवैध शराब की तस्करी से सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होता है।
• सस्ती और बिना नियंत्रण की शराब से स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरा होता है।
• कई बार तस्करी के दौरान अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को भी अंजाम दिया जाता है।
















