-शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान
-दिन में मजदूरी और रात में शराब तस्करी कर रहे तस्कर को आबकारी विभाग ने दबोचा
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब केे खिलाफ कार्रवाई में आबकारी विभाग अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों को अवैध शराब के सेवन से बचाने और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तस्करों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए दिन-रात सड़कों पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है। जिले में चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वालों की कुंडली खंगाल कर रोज उनके घर पर दबिश देने के साथ-साथ रात के अंधेरे में तस्करी करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। जिससे जिले के लोगों को अवैध शराब के सेवन से बचाया जा सकें। अक्सर लोग सस्ते के चक्कर में अवैध रुप से बाहरी राज्यों का सेवन कर लेते है। मगर वहीं सस्ती शराब कभी-कभी उनकी मौत का कारण भी बन जाती है। आबकारी विभाग की कार्रवाई और चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का उद्देश्य यही है कि लोग अवैध शराब के सेवन से बचे और इच्छुक व्यक्ति प्रदेश सरकार की लाइसेंसी शराब की दुकान से शराब खरीदें। इन सबके बीच में राजमार्ग और राष्ट्रीय मार्ग से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम 24 घंटे पहरा दे रही है।
दिल्ली-हरियाणा से आने वाले एक-एक वाहन को चेक किया जा रहा है। बिना चेक किए किसी भी वाहन को प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। आबकारी विभाग की सख्ती के चलते ही जिले में अवैध शराब के कारोबार में कमी आई है और शराब तस्करों का भी काफी हद तक सफाया हो चुका है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में लगातार दबिश एवं चेकिंग कर रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और जेवर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा झुप्पा बॉर्डर पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि बाहरी राज्यों की शराब के सेवन और तस्करी से बचे। भले ही वहां आपको शराब सस्ती मिल रही है, मगर वहीं शराब आपको जेल भेजने का कारण भी बन सकती है।
जिले में बाहरी राज्यों की शराब की तस्करी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना कासना की संयुक्त टीम द्वारा शुक्रवार रात को विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए दबिश दी गई। घरबरा रोड पुस्ते के पास अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे तस्कर राहुल सिंह पुत्र सुरेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से यूपी मार्का की कैटरीना ब्रांड देसी शराब के 45 पौवे यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर रात होने पर उसी शराब को महंगे दामों बेचता था। दिन में मजदूरी और रात में शराब तस्करी का धंधा करता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।


















