-लोकसभा चुनाव को लेकर आबकारी विभाग की टीम राष्ट्रीय व राजमार्ग पर डाला डेरा
-ढाबे व रेस्टोरेंट पर चेकिंग कर नियमानुसार संचालन के दिए निर्देश
-शराब की दुकानों एवं मॉडल शॉप का स्थलीय निरीक्षण कर चेक किया स्टॉक
उदय भूमि ब्यूरो।
लखनऊ। लोकसभा चुनाव के दौरान शराब की कालाबाजारी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम बिना दिन-रात देखें लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। लोकसभा चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और निर्माण पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब हो कि पांच दिन बाद 20 मई को लखनऊ में लोकसभा चुनाव का मतदान होना है। जैसे-जैसे दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग अपनी कार्रवाई को धार दे रहा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी अपनी संस्कृति, इतिहास और अतुल्य विरासत के लिए फेमस है। यह शहर नवाबों की नगरी के रूप में पहचान रखता है। जहां तहजीब, अदब, शायरी, मुसीकी और भोजन की महक हर तरफ फैली हुई है और अपनी पुरानी इमारतों, गलियों और खूबसूरत नक्काशी के लिए ये शहर दुनिया भर में जाना जाता है। मगर चुनाव हो या फिर त्योहारी सीजन शराब माफिया अपनी कमाई के लिए अवैध शराब के धंधे को चमकाने में हमेशा प्रयासरत रहते है। नवाबों की नगरी लखनऊ की पहचान को बरकरार रखने और शराब माफिया को खदेड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने पूरी तरह से कमर कसी हुई है।
चुनाव कहीं भी हो, मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब और पैसा तक बांटे जाने की आशंका रहती है। ऐसे में शराब की तस्करी होने की संभावना से इन्कार तो नहीं किया जा सकता। लेकिन शराब की तस्करी रोकने के लिए गठित आबकारी विभाग की टीमें अभी तक शराब तस्करों की मंशा पर पानी फेरती नजर आ रही है। जिसका परिणाम यह है कि दिल्ली व हरियाणा से होने वाली शराब तस्करी पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए लखनऊ आबकारी विभाग की टीम ने सफलता हासिल की है। जिसके परिणाम भी सकारात्मक दिखाई दे रहे है। साथ ही अन्य स्रोतों व टोल फ्री नंबर पर इस संबंध में मिली सूचनाओं व शिकायतों के आधार पर भी दबिश दी जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय व राजमार्गों पर चेकिंग के लिए टीमें मुस्तैद है। आबकारी विभाग की मुस्तैदी को देख शराब माफिया भी जनपद में अपना धंधा करने से डरते नजर आ रहे है। बाहरी राज्यों में शराब भेजने के लिए ऐसे स्थान की तलाश की जा रही है, जो लखनऊ की सीमा से दूर हो या फिर लखनऊ का क्षेत्र दूर-दूर तक न दिखाई दें। क्योंकि लखनऊ की सीमा में प्रवेश करते हुए शराब तस्करों का दीदार सबसे पहले आबकारी विभाग की टीम से होना लाजिमी है। चुनाव को लेकर जिला आबकारी अधिकारी ने लखनऊ में चप्पे-चप्पे पर आबकारी विभाग की टीम के साथ-साथ अपने मुखबिर तंत्र को स्थापित किया हुआ है। जिन्हें 24 घंटे अलर्ट मोड़ पर रहने के निर्देश दिए गए है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार चेकिंग एवं दबिश दी जा रही है। आबकारी निरीक्षक इंस्पेक्टर भूपेन्द्र सिंह, विजय शुक्ला, विवेक सिंह, रजनीश प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, कृति प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक सिंह, विजय राठी, सुभाष चन्द्र, अरविंद बघेल, कौशलेन्द्र रावत, लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, रिचा सिंह और सुनीता ओझा की टीम द्वारा मंगलवार रात व बुधवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी गई। टीम द्वारा लखनऊ-रायबरेली, सीतापुर, अयोध्या रोड स्थित ढाबों की चेकिंग की गई एवं संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई। इसके अतिरिक्त जनपद की आबकारी दुकानों एवं रेस्टोरेंट बार का भी गहनता पूर्वक निरीक्षण किया गया।
दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई गई, जहां किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। चुनाव को लेकर शराब तस्करों से निपटने के लिए आबकारी विभाग की टीमें पूरी तरह से अलर्ट है। सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई को अंजाम दे रही है। बिना लाइसेंस के शराब की पार्टी करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। इसी के साथ शराब की दुकानों पर भी पूरी तरह से निगरानी रखी गई। जिससे दुकानों से होने वाली अवैध रूप से शराब की पूर्ति को रोका जा सकें। क्योंकि बाहरी राज्यों से शराब तस्करी को लेकर सख्ती होने के बाद वोटरों को रिझाने के लिए प्रत्याशी लाइसेंसी शराब की दुकानों से भी शराब खरीदने का प्रयास कर सकते है। शराब की दुकानों एवं मॉडल शॉप का स्थलीय निरीक्षण कर स्टॉक की चेकिंग की जा रही है। साथ ही ढाबा संचालकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ढाबे के आसपास व बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की सूचना आबकारी विभाग को दें।
जिससे अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर कार्यवाही की जा सकें। नियमानुसार ढाबे व रेस्टोरेंट का संचालन करें। बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराना, जेल की हवा खिला सकता है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया सभी आबकारी निरीक्षकों को मुख्य मार्गों पर चेकिंग का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। शराब तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों और मार्गों पर पैनी नजर रखी जाएगी ताकि तस्करों पर शिकंजा कसा जा सके। शराब की दुकानों पर लगे सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता देखी जा रही है। शराब की दुकानों के आस-पास अवैध शराब की बिक्री न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
महुआ कच्ची शराब के धंधे पर चला आबकारी विभाग का डंडा
लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के इशारे पर ग्रामीण क्षेत्र में तैयार हो रही अवैध शराब के धंधे को एक बार फिर से आबकारी विभाग की टीम ने नष्ट कर दिया। चुनावी सीजन में इन दिनों ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा सिर चढ़कर बोलता नजर आ रहा है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के कारण यह परवान धराशायी हो रहा है। बाहरी राज्यों के साथ ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले कच्ची शराब के धंधे को खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने अपना डेरा डाल दिया है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्र में तैयार हो रही कच्ची शराब की भट्टी को नष्ट करते हुए कच्ची शराब व लहन बरामद किया है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया लोकसभा चुनाव को लेकर अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जनपद में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
बुधवार को आबकारी विभाग निरीक्षक सेक्टर-11 सुनीता ओझा, सेक्टर-12 कृष्ण कुमार सिंह, सेक्टर-7 कौशलेंद्र रावत ने प्रधान/आबकारी सिपाही अनिल, जितेंद्र, अखिलेश, यतींद्र, कुंजविहारी, उमेश, मेहताब के साथ थाना बंथरा अंतर्गत ग्राम रतौली और दरियापुर एवं थाना कृष्णा नगर में कनौसी के संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों एव रेलवे लाइन के किनारे जैसे संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान घर, बाग एवं खेत में छिपाकर रखी गई करीब 90 लीटर अवैध कच्ची शराब और 100 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। कच्ची शराब को जब्त करते हुए बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। 7 लहन को मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 6 अभियोग पंजीकृत किए गए। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






















