शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग ने सड़कों पर बढ़ाया पहरा शराब माफिया के खिलाफ सुनियोजित प्लान तैयार

-चेक पोस्ट, हाईवे-ढाबों पर चलाया चेकिंग अभियान, शराब की दुकान का किया औचक निरीक्षण

गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में भले ही चुनाव की सरगर्मियों पर रोक लग गया हो, मगर उसके बाद भी आबकारी विभाग अवैध शराब को लेकर पूरी तरह से अलर्ट मोड़ है। 4 जून को मतगणना है और लोकसभा चुनाव में अपना भाग्य अजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुल जाएगा। साथ ही 4 जून को उत्तर प्रदेश में सभी शराब की दुकानें बंद रहेगी। लोकसभा सीट पर हुए चुनाव का परिणाम बेशक चार जून को घोषित होगा लेकिन लोगों ने अपने दिमाग में प्रत्याशियों के जीत के समीकरण बैठा लिए हैं। इन सबके बीच दुकान बंद होने का फायदा उठाकर अपनी कमाई करने की सोच रहे शराब माफिया भी सक्रिय हो गए है। क्योंकि शराब बंदी के दिन शराब तस्करी के साथ शराब महंगी भी बिकेगी। चुनावी मौसम में अवैध शराब का इस्तेमाल रोकने को आबकारी विभाग की रणनीति कारगर साबित हो रही है। शराब माफिया से निपटने के लिए जिला आबकारी अधिकारी अपनी चाणक्य नीति का इस्तेमाल कर शराब माफिया के खिलाफ सुनियोजित प्लान और रणनीति को नेस्तनाबूद करने में सफल हो रहे हैं।

आबकारी अधिकारी ने अब तक जिस प्रकार के नए प्रयोग किए हैं, उससे अवैध शराब का निर्माण, बिक्री एवं परिवहन को रोकने में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लोकसभा चुनाव के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने शराब माफिया पर कार्रवाई करने के साथ-साथ उनकी सपनों को चकनाचूर कर दिया। शराब माफिया पर नजर रखें जाने के साथ विभाग की टीम निरंतर छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। जनपद में शराब माफिया से निपटने के लिए जिला आबकारी अधिकारी की नीति बेहद सफल साबित हो रही है। शराब माफिया पर शिकंजा कसने के साथ-साथ वह लाइसेंसशुदा शराब विक्रेताओं को भी समय-समय पर नियम-कानून का पाठ पढ़ाते रहते हैं। शराब माफिया से निपटने के लिए गौतमबुद्ध नगर में जिस प्रकार के प्रयोग पिछले कुछ समय में किए गए हैं, वह पहले कभी देखने को नहीं मिले। विशेष टीम सीमावर्ती इलाके में सघन वाहन जांच एवं तकनीकी अनुसंधान पर कार्रवाई कर शराब की खेप और कारोबारी को गिरफ्तार कर नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है।

जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान जारी है। आबकारी विभाग निरंतर कड़ी कार्रवाई कर शराब तस्करों को सबक सिखाने में लगा है। इससे तस्करों का नेटवर्क बिखरने के अलावा उनके हौसले भी पस्त होते दिखाई दे रहे हैं। जनपद गौतमबुद्ध नगर हमेशा शराब तस्करों का पसंदीदा स्थल रहा है। गौतमबुद्ध नगर में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक की शराब तस्करी कर लाई जाती रही है। विभिन्न रास्तों से शराब तस्कर जिले में प्रवेश करते रहे हैं। अवैध शराब की बिक्री से आबकारी विभाग को राजस्व का भी नुकसान उठाना पड़ता है। वर्तमान में शराब तस्करों का नेटवर्क तोड़ने के लिए विभाग मुस्तैदी से काम कर रहा है। इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। आबकारी विभाग की कार्रवाई ने शराब तस्करों को करारी चोट पहुंचाई है। इसके चलते कई तस्कर जहां जनपद छोड़कर भाग गए हैं, वहीं कई तस्करों ने इस धंधे को छोड़ने में ही भलाई समझी है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही शराब की दुकानों पर भी लगातार चेकिंग की जा रही है। आबकारी निरीक्षक-7 आशीष पाण्डेय की टीम द्वारा बढ़पुरा, दादरी, नई अनाज मंडी स्थित देशी, विदेशी, बियर एवं मॉडल शॉप की दुकानों का निरीक्षण करते हुए गहनता से चेकिंग की गयी। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया गया। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो साथ ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो रही हैं या नहीं सुनिश्चित किया गया। साथ ही विक्रेताओं को पॉश मशीन एवं ऑनलाइन के माध्यम से शराब बिक्री करने के निर्देश दिए गए।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए जेवर व कालिंदी कुंज चेक पोस्ट पर आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग कर रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव की कार्यप्रणाली सबसे अलग है। वह प्रत्येक जिम्मेदारी को बखूबी ढंग से निभाने में यकीन रखते हैं। गौतमबुद्ध नगर में नियुक्ति के बाद से वह नई-नई रणनीति अपनाते रहे हैं। इसका लाभ राजस्व बढ़ोत्तरी में भी हो रहा है। आबकारी विभाग द्वारा शासन को प्रतिमाह मोटे राजस्व की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी के मुताबिक मुख्य मार्गों पर भी चेकिंग का दायरा बढ़ाते हुए शराब माफिया के संभावित ठिकानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया चेकिंग के दौरान सभी मॉडल शॉप, शराब की दुकानों एवं बीयर की दुकानों पर स्टॉक सही मिला। दुकानों पर अनियमितता नहीं पाई गई। स्टॉक का सत्यापन करने के बाद शराब दुकानदारों को नियमानुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए। जिले में संचालित मॉडल शॉप, देशी, विदेशी शराब एवं बीयर की दुकानों पर बाहर की शराब की अवैध रूप से बिक्री करने एवं तस्करी की शराब मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम वर्क से काम किए जाने के अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं। टीमों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब की बिक्री करने और तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।