-आबकारी विभाग की छापेमारी से शराब विक्रेताओं में मची खलबली
-ग्राहकों से अभद्र व्यवहार व शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक वसूली नहीं होगी बर्दाश्त: सुबोध कुमार श्रीवास्तव
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब और ओवर रेटिंग के मामलों को लेकर आबकारी विभाग अलर्ट हो गया है। आबकारी विभाग के अधिकारियों की टीम ने शराब की दुकानों पर छापेमारी करके चेक की। इस दौरान शराब दुकानों में विक्रेताओं को ओवररेटिग नहीं करने तथा तय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने शराब की दुकानों पर हो रही ओवर रेटिंग के मामले में कार्रवाई के लिए पूरी तरह सतर्क हो गई है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में सभी आबकारी निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में शराब की दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराने के साथ दुकानों का भी औचक निरीक्षण कर रहे है। साथ ही दुकानों पर मौजूद ग्राहकों से भी विक्रेता द्वारा किए जा रहे व्यवहार और शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक वसूलने की जांच भी की जा रही है। इस दौरान दुकान का स्टॉक रजिस्टर से दुकान में मौजूद शराब का मिलान किया गया।
शराब की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने दुकान के काउंटर से अंग्रेजी शराब खरीद कर ले जा रहे लोगों से दामों के बारे में रजिस्टर से मिलान किया कि कहीं ओवर रेटिंग तो नहीं करा रहे हैं। उन्होंने इस दौरान शराब की दुकान के विक्रेताओं को चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर अंग्रेजी व देशी शराब की बिक्री में कोई भी हेराफेरी यदि की गई या बंदी के दिन शराब की बिक्री की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की छापेमारी से दुकानदारों में खलबली मची रही। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार जिलाधिकारी व पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी निरीक्षकों की टीम द्वारा लाइसेंसी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। रविवार को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम द्वारा रेलवे रोड दादरी, पायल सिनेमा, दादरी बस स्टैंड, आमका रोड स्थित देशी, विदेशी एवं बियर की दुकानों का औचक निरीक्षण करते हुए गहनता से चेकिंग की गई। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया गया। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो साथ ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो रही हैं या नहीं सुनिश्चित किया गया।
विक्रेताओं को पॉश मशीन से स्कैन करने के बाद ही शराब बिक्री करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक ऑनलाइन पेमेंट लेने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए जेवर और कालिंदी कुंज चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग की गई। अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी करने वालों पर कार्रवाई के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी आबकारी निरीक्षकों द्वारा लोगों से संपर्क कर अवैध शराब बेचने वालों की मुखबिरी करने को कहा जा रहा है। अवैध माफिया की जानकारी देने वाले लोगों का नाम गुप्त रखा जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं हाईवे पर संचालित ढाबों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा बाहरी राज्यों से शराब लाने वालों पर नजर बनाए हुए है। आबकारी विभाग समय-समय पर रूटीन चेकिंग के क्रम में इस बात की तस्दीक करता है कि सभी शराब की दुकान के लाइसेंस धारक विभाग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित करें।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ चलाया रात्रि अभियान
खुले में शराब पीने वालों पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग पहले ही तैयार था। अब ऐसे लोगों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने की तैयारी कर चुका है। आबकारी विभाग टीम की नजरें विशेषकर नॉनवेज रेस्टोरेंट पर खड़े होने वालों पर होगी ही। पहचान में नहीं आने के लिए जो लोग कोल्ड ड्रिंक व जूस में शराब मिलाकर सेवन कर रहे हैं उनको भी इनकी नजरें तलाश करेंगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में चलाए जा रहे अवैध शराब के खिलाफ अभियान के बीच टीम द्वारा रात्रि अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान टीम द्वारा रात्रि में खुले में शराब पीने और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पहली बार खुले में शराब पीने वालों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। दोबारा खुले में शराब पीते हुए मिलने पर जेल भेजने की चेतावनी दी। आबकारी विभाग द्वारा चलाए गए रात्रि अभियान से रात्रि में खुले में शराब पीने और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों में हड़कंप मच गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















