अवैध शराब के खिलाफ जिले में आबकारी विभाग ने बिछाया जाल, फंसे तो होगी जेल

-सड़कों पर उतरी आबकारी विभाग की टीम, बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने को 24 घंटे अलर्ट
-शराब की दुकानों का निरीक्षण कर विक्रेताओं को दी नियमानुसार शराब बिक्री करने की चेतावनी

गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात सड़कों पर उतर कर चेकिंग कर रही है। साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। चुनाव हो या फिर कोई त्योहार इन सब से परे होकर आबकारी विभाग दिन रात अपनी कार्रवाई को अंजाम दे रहा है। जिसका परिणाम यह है कि आबकारी विभाग की कार्रवाई से खौफ खाकर बडे माफिया जनपद गौतमबुद्ध नगर की सीमा में कदम रखने से डर रहे है। अगर पिछले एक वर्ष में आबकारी विभाग की कार्रवाई को देखा जाए तो एक दो मामले छोड़कर कोई भी अभी ऐसा बड़ा मामला सामने नहीं आया है, जिसमें कोई बड़ा माफिया पकड़ा गया हो। दिल्ली-हरियाणा से होने वाली शराब तस्करी की सप्लाई यूपी के जिलों में नहीं बल्कि बिहार में होती है। मगर बिहार जाने के लिए माफिया को यूपी की सीमा में अपना कदम रखना पड़ता है।

दिल्ली व हरियाणा से सटा होने के कारण जनपदीय आबकारी विभाग को हमेशा अलर्ट मोड पर रहना पड़ता है। दो दिन पूर्व लखनऊ में पकड़ी गई शराब की पेटी से भरी गाड़ी की घटना को देख आबकारी विभाग और सतर्क हो गया है। भले ही शराब माफिया नोएडा की सीमा से होकर न गुजरे हो, लेकिन ऐसा भी नहीं है कि वह नोएडा से होकर भविष्य मेंं नहीं जाएंगे। लखनऊ में हुई कार्रवाई के बाद जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने सभी आबकारी निरीक्षकों को सख्त हिदायत दी है कि सभी आबकारी निरीक्षक अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते रहे और अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय रखें। जिससे बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की घटना को रोका जा सकें। आबकारी अधिकारी के सख्त रुख को देख आबकारी निरीक्षक भी सड़कों पर उतर कर चेकिंग में जुट गए है। क्योंकि उन्हें भी पता है अगर दिल्ली और हरियाणा की शराब नोएडा की सीमा से होकर उत्तर प्रदेश की किसी भी जिले में पकड़ी जाती है तो इसमें जनपदीय आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है या फिर उन पर कार्रवाई भी हो सकती है।

शराब माफिया पर कार्रवाई को लेकर आबकारी विभाग की टीम ने अपना मोर्चा संभाल लिया है। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे रामपुर, लोहारली टोल प्लाजा रात्रिकालीन में तीन पाली में वाहनों की चेकिंग की जा रही है। दिल्ली, हरियाणा से आने वाले किसी भी वाहन को बिना चेक किए प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। आबकारी अधिकारी की रणनीति को देख शराब माफिया भी कहीं न कहीं अब पीछे हटते नजर आ रहे है। जनपद गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह से मुक्त करने के लिए मानो आबकारी अधिकारी ने पूरी तरह से किलेबंदी की हुई है। जिसे तोड़ पाना शराब माफिया के लिए पूरी तरह से नामुमकिन है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में लगातार कार्रवाई कर रही है। आबकारी निरीक्षक शिखा ठाकुर, नामवर सिंह, आशीष पाण्डेय,अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह, गौरव चन्द, रवि जायसवाल की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं चेकिंग की जा रही है। साथ ही लाइसेंसी शराब की दुकानों पर भी लगातार निरीक्षण कर स्टॉक रजिस्टर को चेक करने के साथ दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पृथला खंजरपुर होटल रेडिएंट ब्लू और आसपास स्थित ढाबों पर चेकिंग कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं कोई अवैध रूप से शराब का सेवन तो नही करा रहा है। शराब की दुकानों के साथ कैंटीन की भी चेकिंग की जा रही है। साथ ही सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए है कि नियमानुसार शराब की बिक्री करें और दुकान पर आने वाले ग्राहकों से अपना सौम्य व्यवहार रखें। पॉश मशीन से स्कैन के बाद ही शराब की बिक्री करें। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी भविष्य में लगातार जारी रहेगी।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों को सिखाया सबक
जिले में अवैध शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के बीच खुले में शराब का सेवन करने और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपना शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। दुकानों के बाहर लगने वाली महफिल को खत्म करने के लिए रात होते ही आबकारी विभाग की टीम सड़कों पर निकल पड़ती है। साथ ही खुले में शराब पीने वालों को पहली बार पकडऩे जाने पर चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है।

साथ उनकी पहचान के लिए उनकी आईडी और फोटो भी खींची जा रही है। अगर खुले में शराब पीने की सोच रहे है तो थोड़ा संभल जाए। कहीं ऐसा न हो कि खुले में शराब पीने के मजे में जेल की हवा खानी पड़ जाए। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया खुले में अवैध रुप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ अभियान शुरु किया गया है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें कार्रवाई कर रही है। साथ ही इस बीच ऐसे दुकानदारों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, जो बिना लाइसेंस के दुकानों पर शराब का सेवन करा रहे है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।