-शराब बिक्री में मनमानी पर लगाने के लिए दुकानों का निरीक्षण कर सेल्समैनों को दिए सख्त निर्देश
-आबकारी अधिकारी मातहतों के साथ यमुना खादर में दी दबिश
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमों ने शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए दिन-रात हाईवे, नेशनल हाईवे, राज्य मार्ग एवं छोटी-छोटी गलियों में आबकारी विभाग की टीमें मुस्तैद हो गई है। जिसकी कमान खुद आबकारी अधिकारी संभाले हुए है। शराब तस्करों पर कार्रवाई के साथ-साथ शराब विक्रेताओं को भी सबक सिखाया जा रहा है। मोटा मुनाफा कमाने के लिए अवैध शराब के कारोबार में लिप्त माफिया पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी की लगातार कार्रवाई से शराब माफिया के होश उड़ने लगे हैं। यही वजह है कि इन शराब माफियाओं और आबकारी विभाग की टीम के बीच चोर-पुलिस का खेल शुरू हो गया है।
अवैध शराब के माफिया जहां अवैध शराब के धंधे को जोर-शोर के साथ चलाने का प्रयास करते है तो वहीं आबकारी विभाग की टीम उनके ठिकानों पर कच्ची शराब और लहन नष्ट कर उनके मंसूबे को पूरी तरह से ध्वस्त करने में लगी हुई है। आबकारी विभाग की सख्ती के चलते अब हाईवे पर संचालित ढाबों, गालियों में चल रहे अवैध शराब की दुकानें अपने आप बंद होने लगी है। लक्ष्य प्राप्ति के साथ-साथ दिन दूना रात चौगुना कमाई के फेर में शराब माफियाओं की अगली रणनीति क्या होगी यह तो अभी नही पता। लेकिन उनकी अगली रणनीति से पूर्व आबकारी विभाग माफिया पर शिकंजा कसने के लिए रोजाना नई-नई रणनीति तैयार कर रहा है। आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई के चलते अब तस्कर भी शायद अवैध शराब का कारोबार करने से परहेज करने लगे है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र के सहारे भी शराब माफिया को उनकी सही जगह जेल में पहुंचाया जा रहा है। आबकारी निरीक्षक, रवि जायसवाल, डॉ. शिखा ठाकुर, आशीष पाण्डेय, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह, नामवर सिंह की टीम द्वारा शनिवार रात व रविवार को सेक्टर 150 के पास स्थित कोण्डली बॉर्डर के पास हरियाणा राज्य की सीमा पर दबिश दी गई एवं यमुना खादर में स्थित फार्म हाउसेस का निरीक्षण किया गया। फार्म हाउसो के मालिक/केयरटेकर्स को अन्य प्रांत यथा हरियाणा राज्य की शराब के सेवन/ तस्करी के विरुद्ध जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार की तस्करी की तत्काल सूचना देने एवं आबकारी विभाग से जारी ऑकेजनल लाइसेंस लेकर ही मदिरा सेवन के लिए जानकारी दी गई।
साथ ही कोंडली स्थित देसी विदेशी दुकानों निरीक्षण कर सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया। खेड़ा चौगानपुर, घोडी बछेड़ा, मोरना, झीघोड़, सेक्टर 37, सेक्टर 29, सलारपुर, सदरपुर बरोला-1 स्थित देशी, विदेशी, बीयर दुकान एवं कैंटीन की गहनता से चेकिंग की गई। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया जा रहा हैं। जिससे ओवर रेटिंग की शिकायत पर रोक लगने के साथ विक्रेता भी नियमानुसार शराब की बिक्री कर सकें। आबकारी टीम द्वारा ढाबों की भी चेकिंग की जा रही है। उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाए जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाये जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई। साथ ही विक्रेताओं को ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन पेमेंट के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। ऑनलाइन पेमेंट होने से शराब पर होने वाली ओवर रेटिंग की शिकायत पर रोक लगेगी।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब की बिक्री रोकने और वैध शराब की बिक्री सुनिश्चित कर राजस्व बढ़ाने के लिए इस तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। आबकारी निरीक्षकों को लगातार हाईवे, ढाबा, औद्योगिक क्षेत्र एवं खादर क्षेत्रों में चेकिंग करने के सख्त निर्देश दिए गयेे है। ढाबा संचालकों को किसी भी हालत में अवैध रूप से अवैध शराब की बिक्री न करने की चेतावनी दी गई है। अवैध शराब की बिक्री मिलने पर संबधित ढाबा मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली से शराब लाने वाले लोगों को भी अब यह आभास हो गया है कि दिल्ली से शराब लेना तो आसान है, लेकिन उसे गौतमबुद्ध नगर में लेकर आना बहुत मुश्किल है। दिल्ली से सटे बोर्डर व गौतमबुद्धनगर में प्रवेश करने वाले क्षेत्रों पर आबकारी विभाग की टीम का सख्त पहरा है। पकड़े जाने पर जेल की सजा का प्रावधान है। इसके साथ ही हाईवे पर संचालित ढाबे की चेकिंग करते हुए अवैध शराब की बिक्री न करने की चेतावनी दी गई है। चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब बरामद नहीं किया गया है। आबकारी विभाग की टीम दिन-रात अलर्ट मोड पर है। कहीं सूचना मिलने के साथ तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जिले में किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा।



















