-शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण कर विक्रेताओं को दी नियमानुसार शराब बिक्री करने की हिदायत
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के धंधे को खत्म करने के साथ बीच-बीच में शराब की दुकानों का भी औचक निरीक्षण कर रही है। जिससे शराब की दुकानों पर नियमानुसार शराब की बिक्री हो सकें। इसी के साथ बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए टीम लगातार टोल प्लाजा पर भी अपनी निगाह बनाएं है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों को चेक करने के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। शराब की दुकानों पर शराब के स्टॉक का सत्यापन किया गया। इस दौरान दुकानदारों को अनियमितता मिलने पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। शराब तस्करों के खिलाफ कॉलोनी से लेकर दिल्ली और हरियाणा से आने वाले सभी रास्तों पर अपना पहरा बढ़ा दिया है। साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर भी दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है और तस्करों में खौफ पैदा किया जा रहा है।
आबकारी विभाग की कार्रवाई को देख तस्करों ने भी कहीं न कहीं शराब तस्करी से अपना मोह भंग कर लिया है। जनपद के रेस्टोरेंट, बार व होटल और ढाबों पर बिना लाइसेंस एवं अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए छापेमारी एवं चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। नेशनल हाईवे पर वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ ट्रेन एवं बस में सफर करने वाले यात्रियों की भी चेकिंग की जा रही हैं। अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण व परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में आबकारी विभाग विशेष प्रवर्तन अभियान चला रहा है। आबकारी की टीमें नियमित रूप से रेस्टोरेंट, बार, ढाबे, शराब की दुकान, चेक पोस्ट, बॉर्डर क्षेत्रों में छापेमारी कर रही रही है।
जिला आबकारी अधिकारी के सख्त निर्देश है कि बगैर अनुमति के किसी भी कार्यक्रम में शराब परोसे जाने की शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 गौरव चन्द, सेक्टर-2 रवि जायसवाल, सेक्टर-3 शिखा ठाकुर, सेक्टर-4 अभिनव शाही, सेक्टर-5 चन्द्रशेखर सिंह, सेक्टर-6 नामवर सिंह एवं सेक्टर-7 आशीष पाण्डेय की टीम द्वारा मंगलवार को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया गया। सिरसा, बिलासपुर मोड़, रोसनपुर धनौरी स्थित देशी, विदेशी, बियर एवं मॉडल शॉप की दुकानों का निरीक्षण किया गया एवं कैंटीन की गहनता से चेकिंग की गयी।
साथ ही जेवर टोल, कालिंदी कुंज टोल पर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया जा रहा है। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो साथ ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो रही हैं या नहीं सुनिश्चित किया गया। आबकारी अधिकारी ने अनुज्ञापियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यमों पर पेमेंट लेने व ऑनलाइन पेमेंट के सभी माध्यमों का प्रयोग करने के निर्देश दिए। पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक बिक्री के लिए विक्रेताओं को निर्देशित किया। साथ ही चेतावनी दी गई यदि किसी दुकान के विक्रेता द्वारा जानबूझकर पीओएस मशीन से विक्रय नहीं करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुकान पर उपस्थित विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वो विक्रेता पहचान पत्र अवश्य ही अपने पास रखें। सभी रेस्टोरेंट/ओकेजनल बार/ रेस्टोरेंट बार संचालकों को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाये जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही किये जाने की चेतावनी दी गई। दुकानों पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराया गया। आबकारी टीम द्वारा विक्रेताओं को नियमानुसार दुकानों को संचालित करने के लिए निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग समय-समय पर रूटीन चेकिंग के क्रम में इस बात की तस्दीक करता है कि सभी शराब की दुकान के लाइसेंस धारक विभाग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित करें। गौरतलब हो कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं हाईवे पर संचालित ढाबों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंट के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा बाहरी राज्यों से शराब लाने वालों पर नजर बनाए हुए है।



















