हिंडन खादर में शराब तस्करों के अड्डों पर आबकारी विभाग ने बोला धावा

-झाडिय़ों के बीच छिपाकर रखी दो कच्ची शराब और लहन से भरे ड्रम को किया जब्त
-30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 400 किलोग्राम लहन को किया नष्ट

उदय भूमि
गाजियाबाद। दिवाली का त्योहार सकुशल संपन्न कराने के बाद अब आगामी त्योहारों को भी सकुशल संपन्न कराने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। शराब तस्करों पर शिकंजा कसने और अवैध शराब के कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए आबकारी विभाग की टीम दिन रात लगातार कार्रवाई को अंजाम दे रही है। हिंडन खादर क्षेत्र में कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री रोकना किसी चुनौती से कम नहीं है। अवैध शराब का कारोबार करने वाले माफिया अपने धंधे को बढ़ाने और कायम रखने के लिए हर दिन स्थान बदल कर अवैध शराब का निर्माण करते है और कच्ची शराब से भरे ड्रमों को खादर क्षेत्र के जंगल में नदी किनारे मिट्टी खोदकर छिपा देते है।

जहां तक पहुंचना किसी के लिए भी इतना आसान नहीं होता है। लेकिन आबकारी विभाग की टीम अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को रोकने के लिए हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश देने पहुंचती है और करीब 1-2 किलोमीटर का पैदल रास्ता कटीले और उबड़-खाबड़ रास्तों के बीच अपना सफर तय कर शराब माफिया के अड्डों पर पहुंचती है। खादर के शराब माफियाओं तक पहुंचने के लिए आबकारी विभाग को काफी मेहनत करनी होती है। हिंडन खादर के रेत व जंगल में आबकारी विभाग की गाड़ियां चल नहीं पाती। उसके बाद शराब भट्टी को ध्वस्त करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं होती है। शराब माफिया द्वारा छिपाई गई कच्ची शराब को ढूंढने के लिए आबकारी विभाग की टीम जंगलों के बीच जाकर उन्हें ढूंढने के बाद जब्त करती है। देखा जाए तो आबकारी विभाग की टीम यह सब सिर्फ एक कार्रवाई के लिए नहीं बल्कि आमजन की सुरक्षा और उन्हें अवैध शराब के सेवन से बचाने के लिए करती है।

जिससे लोग इसके सेवन से बच सकें। नहीं तो शराब माफिया लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ते है। अपने मुनाफे के लिए वह अवैध शराब के निर्माण में नशा बढ़ाने के लिए किस केमिकल का इस्तेमाल करते है, यह कोई नहीं जानता, इसके सेवन से किसी की जान जा सकती है इसकी परवाह भी शराब माफिया नहीं करते है। शराब माफिया को जिले से खदेड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीम अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ रही है। जिसके लिए आबकारी विभाग की टीमें तड़के ही शराब माफिया के अड्डों पर पहुंच जाती है। आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर से शराब माफिया के अड्डे पर पहुंच कर शराब भट्टी को नष्ट करते हुए कच्ची शराब से भरे ड्रम और सैकड़ों लीटर की मात्रा में लहन को नष्ट किया है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। शनिवार सुबह आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम द्वारा थाना टीला मोड़ के अंतर्गत रिस्तल, जावली, महमूदपुर के हिंडन खादर क्षेत्रों में दबिश दी गई। दबिश के दौरान झाडिय़ों के बीच छिपाकर रखी गई करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब व लगभग 400 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेते हुए बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया।

आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा का कहना है कि शराब माफिया हिंडन किनारे शराब की भट्टियां लगाकर कच्ची शराब बनाने का कारोबार करते है। मगर आबकारी विभाग द्वारा माफिया पर जब छापेमारी की जाती है तो उससे पहले ही शराब माफिया के लोग नदी व घनी झाडिय़ों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो जाते है। देहात क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।  साथ ही आसपास के गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को भी अवैध शराब के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आबकारी विभाग की जागरूकता से प्रेरित होकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी कार्रवाई में अपना सहयोग प्रदान करते है। शराब तस्करों पर निगरानी के लिए आबकारी विभाग की टीमों के साथ मुखबिर तंत्र भी पूरी तरह से सक्रिय है। जल्द ही अवैध शराब के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। दबिश के दौरान तस्करों द्वारा झाडिय़ों के बीच छिपाकर रखी गई दो ड्रमों को जब्त किया गया है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।