अंग्रेजी शराब पर 10 रुपए अधिक मांगने पर आबकारी विभाग ने भेजा जेल

-ओवर रेटिंग की शिकायत में अनुज्ञापी की भूमिका मिलने पर होगी लाइसेंस निरस्त की कार्रवाई: सुबोध श्रीवास्तव

गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने ग्राहकों से अवैध वसूली करने वाले विक्रेता समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिले में शराब पर हो रही ओवर रेटिंग के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ओवर रेटिंग करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं आबकारी अधिकारी ने दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग रोकने के लिए अनुज्ञापी को भी सख्त निर्देश दिए है। ओवर रेटिंग के मामले में आबकारी विभाग विक्रेता पर तो कार्रवाई करता ही साथ ही अनुज्ञापी भी जुर्माना लगाने के साथ उसका लाइसेंस निरस्त की भी कार्रवाई की जाती है। लेकिन अब आबकारी अधिकारी ने अनुज्ञापियों को सख्त रुप से चेतावनी दी है कि अगर किसी भी दुकान पर कोई विक्रेता ओवर रेटिंग करता हुआ पाया जाता है और जांच में उसकी भूमिका भी संदिग्ध पाई जाती है तो उसका लाइसेंस निरस्त करने के साथ जेल भेजने की भी कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही की टीम को रविवार रात विदेशी मदिरा दुकान- बहलोलपुर पर ओवर रेटिंग की शिकायत मिली। शिकायत की पुष्टि के लिए दुकान पर सिपाही को सिविल ड्रेस में भेजकर गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई गई। जहां विक्रेता अंग्रेजी शराब के पव्वे पर 10 रुपए की अधिक वसूली करता हुआ पाया गया। विक्रेता रोहित कुमार पुत्र जयवीर सिंह निवासी इनायतगंज तंडोली जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कारवाई करते हुए जेल भेजा गया। साथ ही उसके खिलाफ आबकारी विभाग के पोर्टल पर ब्लैक लिस्ट की भी कार्रवाई की गई। जिससे भविष्य में वह किसी भी दुकान पर शराब विक्रेता का कार्य न कर सकें। इसके अलावा लाइसेंसी पर भी 75 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए कारण बताओ का नोटिस जारी किया गया है।

उन्होंने बताया जिले के सभी अनुज्ञापियों को चेतावनी दी गई है कि शराब की दुकान पर ओवर रेटिंग बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगी, अगर जांच के दौरान ओवर रेटिंग में अनुज्ञापी की भूमिका मिली तो लाइसेंस निरस्त करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई भी की जाएगी। वहीं आबकारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह की टीम ने भी सोमवार सुबह चेकिंग के दौरान शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना सूरजपुर स्थित ग्राम मकौड़ा के गोल चक्कर के पास योगेन्द्र पुत्र जगत सिंह अवैध रूप से दुकान खुलने से पहले शराब तस्करी कर रहा था। जिसके कब्जे से यूपी मार्का 41 पौव्वे कैटरीना देसी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसे दुकान बंद होने के बाद या फिर दुकान खुलने से पहले महंगे दामों में शराब तस्करी करता था। जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।