अवैध शराब माफिया के खिलाफ आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, अवैध शराब और कच्ची सामग्री नष्ट

-अवैध शराब की भट्टियों पर दिन-रात दबिश, तस्करों को संभलने का मौका नहीं
-आबकारी अधिकारी की रणनीति से माफिया परेशान, जिले में कानून का डंका
-जनपद में सुरक्षित और साफ-सुथरा माहौल बनाने के लिए अभियान में आमजन का मिल रहा सहयोग
-बलिया में आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, अवैध शराब निर्माण ठप

उदय भूमि संवाददाता
बलिया। सर्दी के मौसम में अवैध शराब की भट्टियों पर आबकारी विभाग ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। जिले में अवैध शराब तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात दबिश दे रही है। अवैध शराब का निर्माण करने वाले माफिया अब सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला की सक्रिय निगरानी में उनका हर कदम ट्रैक किया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण में लगे तस्करों को जिले से पूरी तरह खदेड़ने के उद्देश्य से विभाग ने अपनी रणनीति को और सघन बना दिया है। भले ही शराब माफिया जंगलों और अछूते क्षेत्रों में भट्टियां लगाकर अवैध शराब तैयार करने का प्रयास करें, लेकिन आबकारी विभाग उनकी तैयार होने से पहले ही शराब और कच्ची सामग्री नष्ट कर देता है।

जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला की कार्यशैली इस अभियान की सफलता की कुंजी बनी हुई है। उनकी रणनीति केवल शराब तस्करों को दबाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के बीच विश्वास पैदा करना और माफियाओं के ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त करना भी शामिल है। विजय कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक और टीम सदस्य सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई कर रहे हैं और किसी भी अवैध गतिविधि को अनदेखा नहीं किया जा रहा। शुक्ला ने बताया कि जनपद बलिया में अवैध शराब के कारोबार का पूरी तरह से खात्मा करने के लिए यह अभियान निरंतर चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य न केवल शराब तस्करों को पकडऩा है, बल्कि जिले को सुरक्षित और साफ-सुथरा बनाना है। इसके लिए हमारी टीम पूरी सतर्कता के साथ हर संभावित अवैध भट्टी पर नजर रखती है।

मनियर थाना क्षेत्र में विशेष दबिश, हजारों की सामग्री नष्ट
सोमवार को आबकारी निरीक्षक विनय राय (क्षेत्र-1, सदर), संदीप यादव (क्षेत्र-3, बांसडीह) और रमेश राय (क्षेत्र-5, बेल्थरा रोड) की संयुक्त टीम ने मनियर थाना क्षेत्र के टुकड़ा नंबर-1 और 2 में विशेष दबिश दी। इस दौरान लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही लगभग 1000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। टीम ने शराब तस्करों को पकडऩे के साथ-साथ उनके भट्टियों और अवैध निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण किया। आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने सुनिश्चित किया कि कोई भी अवैध शराब उत्पादन सामग्री बाकी न रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई तस्करों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से रोकने में मदद करेगी।

जनपद में अभियान की व्यापकता और आमजन का सहयोग
बलिया जिले में आबकारी विभाग की यह कार्रवाई केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। पूरे जिले में टीम सक्रिय रूप से हर संभावित स्थान की जांच कर रही है। अभियान के दौरान विजय कुमार शुक्ला ने आमजन को भी सहयोग के लिए प्रेरित किया है। जनता को बताया गया है कि अवैध शराब तस्करों की सूचना देने पर उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी और कार्रवाई में सहयोग किया जाएगा।

सफाई और कानून का राज कायम करने की दिशा में कड़ा संदेश
अवैध शराब के खिलाफ इस अभियान का सबसे बड़ा संदेश यह है कि बलिया में किसी भी प्रकार की अवैध शराब निर्माण और बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने स्पष्ट किया कि माफिया को संभलने का कोई मौका नहीं मिलेगा और अवैध गतिविधियों को जड़ से खत्म किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून और सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित हो सके। विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आगामी दिनों में भी आबकारी विभाग की टीम सभी संभावित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर लगातार दबिश जारी रखेगी। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध शराब निर्माण का कोई भी सुराग न छोड़ा जाए। इसके अलावा, टीम जनता के सहयोग और सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई को और प्रभावी बनाएगी। बलिया जिले में अवैध शराब तस्करों के लिए जगह मुश्किल हो गई है। आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला की सक्रिय और योजनाबद्ध कार्यशैली ने जिले में कानून और व्यवस्था कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।