शराब तस्करों पर आबकारी विभाग की कड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब तस्करी पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान छेड़ रखा है। आबकारी विभाग की सक्रियता से तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में लगातार की जा रही छापेमारी से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट पड़ी है। इसी क्रम में मंगलवार रात आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि प्रशासन की इस सख्ती से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। लगातार हो रही छापेमारी से न केवल अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगी है, बल्कि सरकारी राजस्व में भी वृद्धि हो रही है। आबकारी विभाग की इस मुहिम से साफ है कि अब शराब तस्करों के लिए गौतमबुद्ध नगर में कोई जगह नहीं बची है।

पहली गिरफ्तारी: 44 पव्वे मिस इंडिया शराब बरामद
आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डे और थाना बादलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बादलपुर थाना क्षेत्र में कुड़ी खेड़ा रोड बंबा पुलिया के पास छापा मारा। यहां अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहे नागेश पुत्र अमन सिंह (निवासी खुर्जा देहात, बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 44 पव्वे मिस इंडिया अवैध देसी शराब (उत्तर प्रदेश मार्का) बरामद हुई।

दूसरी गिरफ्तारी: यूपी और हरियाणा मार्का शराब जब्त
वहीं, आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना इकोटेक प्रथम पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र में एक अन्य शराब तस्कर हरिओम पुत्र भिक्की को गिरफ्तार किया। इस दौरान 94 पव्वे ट्विन टावर ब्रांड देसी शराब (200 एमएल, उत्तर प्रदेश मार्का) और 6 हाफ बोतलें मस्ताना देसी शराब (180 एमएल, हरियाणा मार्का) जब्त की गई।

अभियान रहेगा जारी, तस्करों पर कड़ी नजर
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिले में शराब तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।