आबकारी विभाग का रात्रि अभियान शराब तस्करों के लिए बना जेल जाने की वजह

-आबकारी विभाग की टीम ने दबोचा शराब तस्कर
-नहर-पटरी के पास रात के अंधेरे में बेच रहा था यूपी की शराब

गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे रात्रि अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम शराब तस्करों पर कहर बनकर टूट रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी पर सख्ती होने के बाद छोटे शराब तस्करों ने अपने धंधे को चमकाने के लिए क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकान को ही अपना तस्करी का जरिया बना लिया है। जिसके लिए आबकारी विभाग ने रात के अंधेरे में चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्करों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए रात्रि अभियान की शुरुआत की है।

आबकारी विभाग के रात्रि अभियान के दौरान हो रही कार्रवाई का भी असर दिख रहा है। आबकारी विभाग की टीमें लाइसेंसी शराब की दुकानों का निरीक्षण करने के उपरांत शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं सड़कों पर चेकिंग कर रही है। आबकारी विभाग के इस अभियान हर दिन कोई न कोई तस्कर सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। वहीं शराब तस्करों में भी आबकारी विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग की टीम ने इसी कड़ी में एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो रात के अंधेरे में नहर पटरी के पास चोरी छिपे यूपी की शराब को महंगे दामों में बेच रहा था। आरोपी दिन में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था और रात में शराब तस्करी करता था।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया अवैध शराब के खिलाफ जिले में आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात दबिश एवं चेकिंग कर रही है। साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए दिल्ली, हरियाणा व यूपी बोर्डर पर वाहनों की चेकिंग कर रही है। साथ ही राजमार्ग एवं राष्ट्रीय मार्ग पर भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार रात को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय एवं थाना बादलपुर की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग एवं दबिश दी गई। चेकिंग के दौरान रात के अंधेरे में सुधा स्टील कम्पनी के पास नहर पटरी पर अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे मोहित पुत्र गोपाल निवासी कचेड़ा वारसाबाद बादलपुर को गिरफ्तार किया गया।

जिसके कब्जे से यूपी मार्का के 40 पौवे कैटरीना देशी शराब बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर उसी शराब को रात होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। रात में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा रात्रि अभियान चलाया जा रहा है। जो कि आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिले में अवैध शराब का कारोबार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगा।