-शराब तस्करी कर रहे तस्कर को आबकारी विभाग की टीम ने दबोचा
-लाइसेंसी दुकान से शराब खरीद कर महंगे दामों में करता था तस्करी
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाई जा रही मुहिम में हर दिन रात के अंधेरे में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों की पोल खुल रही है। रात में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों की धरपकड़ के लिए आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। यह कार्रवाई शराब तस्करों के साथ लाइसेंसी विक्रेताओं के खिलाफ भी की जा रही है। जिससे रात में 10 बजे दुकान बंद होने के बाद कोई भी विक्रेता अवैध रूप से शराब न बेच सकें। गौतमबुद्ध नगर में इस समय अगर देखा जाए तो चोर-पुलिस का खेल जारी है। क्योंकि शराब तस्कर आगे तो उनके पीछे आबकारी विभाग की टीम पड़ी हुई है। आबकारी विभाग की कार्रवाई से पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों तस्करों ने भी अपने अवैध धंधे को कम कर दिया है। सड़कों पर आबकारी विभाग की फौज और गिद्ध की निगाह लगाए बैठे मुखबिर तंत्र के आगे शराब तस्करों की रणनीति कमजोर साबित हो रही है।
इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकान से ही शराब खरीद लेता था और रात में दुकान बंद होने के बाद उसी शराब को महंगे दामों बेच देता था। मगर शराब बेचना तो दूर घर के लायक नहीं रहा, आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्कर को पकड़कर उसे उसी सही जगह पहुंचा दिया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिससे जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त किया जा सकें। इसके अलावा टीम द्वारा जागरुकता अभियान भी चला रही है। जिससे लोग भी अवैध शराब के सेवन से दूर रह सकें। आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर की टीम द्वारा थाना 135 स्थित पुश्ता रोड पर छपरौली ग्राम में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान शराब तस्करी कर रहे निशांत कुमार पुत्र सुनील कुमार निवासी ग्राम रानापुर थाना सायना जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से कटरीना देशी शराब ब्रांड के 43 पव्वे बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीद कर उक्त शराब को रात में दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। टीम द्वारा जिले में लाइसेंसी शराब की दुकानों का भी लगातार निरीक्षण और चेकिंग की जा रही है। साथ ही दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कराया जा रहा है। जिससे ओवर रेटिंग की शिकायतों पर रोक लगे सकें। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।















