आबकारी विभाग के रात्रि अभियान ने बिगाड़ा शराब तस्करों का खेल, अरुणांचल व यूपी शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों तस्करों में एक अरुणाचल मार्का की शराब तस्करी कर रहा था। शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात चेकिंग एवं शराब तस्करों के स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही रात के अंधेरे में चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों की गिरफ्तारी के लिए रात्रि अभियान चलाकर उन्हें उनकी सही जगह भेजने का काम किया जा रहा है। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए जिला आबकारी अधिकारी द्वारा छेड़ी गई मुहिम धीरे-धीरे रंग ला रही है। शराब तस्करों के साथ ग्राहकों से ओवर रेटिंग करने वाले विक्रेताओं पर भी विभाग की टीम ने अपना शिकंजा कसा हुआ है।

ओवर रेटिंग को रोकने के लिए दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग के साथ आबकारी विभाग की टीम और उनका मुखबिर तंत्र दुकानों से शराब खरीदने वाले ग्राहकों से भी इसकी पूछताछ कर रहा है कि कहीं विक्रेता आपसे अधिक वसूली तो नहीं कर रहा है। ऐसा मामला मिलते ही सीधा विक्रेताओं को सलाखों के पीछे भेजने का भी काम चल रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग कर रही है। मंगलवार रात को आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना जेवर की संयुक्त टीम ने यमुना एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान तस्कर प्रमोद पुत्र स्व महेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 45 पौवा कैटरीना ब्रांड देसी शराब व 13 पोव्वा ट्विन टावर देशी शराब के कुल 58 पौवे  यूपी मार्का बरामद किया गया।

पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीद कर बेचने के लिए लेकर जा रहा था। वहीं आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना सूरजपुर की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान शराब तस्कर अजय यादव पुत्र भूदेव सिंह को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 30 पौवे विदेशी शराब नैनों प्रीमियम व्हिस्की फॉर सेल इन अरुणाचल मार्का बरामद कियागया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र में अरुणाचल मार्का की शराब बेच रहा था। जिनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।