शराब की दुकानों पर मिलावटी व अवैध शराब की तलाश, आबकारी निरीक्षक ने की छापेमारी

-लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर तस्करी करने वाले तस्कर गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर। शराब की दुकानों पर मिलावटी या अवैध शराब की बिक्री न हो इसके लिए आबकारी विभाग लगातार दुकानों का औचक निरीक्षण कर रहा है। आबकारी विभाग के औचक निरीक्षण से विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। देशी व विदेशी शराब की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाकर मिलावटी व अवैध शराब की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी दुकान पर ऐसा मामला पकड़ा नहीं गया है। शराब की दुकानों में निरीक्षण करते हुए स्थिति का जायजा लिया और निरीक्षकों के द्वारा बार कोड से शराब की बोतल की गुणवत्ता चेक की गई। विभाग की ओर से जिले भर में स्थित दुकान से बिकने वाली शराब की एक-एक बोतल का हिसाब लिया जा रहा है। रोजाना दुकानों की बिक्री और शेष स्टॉक का मिलान किया जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग एवं दबिश दे रही है। शनिवार को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम द्वारा सादोपुर की झाल, हरिश्चंद्र का बाग, बढ़पुरा स्थित देशी, विदेशी एवं बियर की दुकानों का  निरीक्षण किया गया। सभी दुकानों पर नियमों को सुनिश्चित कराने के साथ ही दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज करवाया गया। रजिस्टर से दुकानों में रखे स्टाक को मिलाया। वहीं मोबाइल ऐप के जरिए बारकोड से शराब की गुणवत्ता भी जांची। जिसके बाद अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकानों की भी जांच पड़ताल कर मौजूद कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान टीम ने देशी शराब दुकान की कैंटीनों में साफ सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। आबकारी विभाग की टीम ने गूगल पे, पेटीएम, फोन पे जैसे डिजिटल भुगतान की सुविधा रखने के सख्त निर्देश दिए। शराब स्टाक का भौतिक सत्यापन करते हुए समस्त विक्रेताओं को नियमानुसार शराब बिक्री के निर्देश दिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया इसके साथ ही आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम ने गौतम धर्म कांटे के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे मुकेश पुत्र रविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से यूपी मार्का के 49 पौवे कैटरीना देसी शराब बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर उक्त शराब को रात होने पर महंगे दामों में बेचता था। जिसके खिलाफ थाना बादलपुर में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।