-संयुक्त आबकारी आयुक्त ने किया जिला आबकारी कार्यालय का निरीक्षण
-आबकारी निरीक्षकों को दिए कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश
-ओवर रेटिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का सख्ती से कराएं पालन
गौतमबुद्ध नगर। मेरठ जोन संयुक्त आबकारी आयुक्त सुनील मिश्रा ने जनपद गौतमबुद्ध नगर आबकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में संयुक्त आबकारी आयुक्त ने शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को शत प्रतिशत प्राप्त करने के निर्देश दिए। शराब की दुकानों पर ब्रांड की उपलब्धता, मदिरा की उचित दर पर विकी का अनुपालन के लिए जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए। विभाग द्वारा की गयी छापेमारी के संबंध में जानकारी मांगी। निरीक्षण के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं मिल सकी। संयुक्त आबकारी आयुक्त सुनील मिश्रा ने जिला आबकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव, आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, गौरव चन्द, डॉ शिखा ठाकुर, चन्द्रशेखर सिंह, नामवर सिंह, अभिनव शाही एवं रवि जायसवाल के साथ बैठक करते हुए विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान संयुक्त आबकारी आयुक्त सुनील मिश्रा ने निर्देश दिए कि अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करने के साथ-साथ राजस्व वृद्धि पर भी विशेष ध्यान दें। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए और मेहनत की जरूरत है। विभाग का काम सिर्फ कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को इसके चुंगले से निकल कर उनका मार्गदर्शन करना भी है।
अगर किसी व्यक्ति को कार्रवाई से पहले उनके अंदर डर दिखाया जाए और सुधरने का मौका दिया जाए तो अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने में ज्यादा आसानी रहेगी। साथ ही शराब विक्रेताओं की हरकतों पर भी विशेष ध्यान दें। सभी विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए जाए कि वह खुद भी अपने दुकान के पास होने वाले अवैध शराब के कार्य पर नजर रखें। जिससे उन पर कार्रवाई की जा सकें। शराब पर ओवर रेटिंग करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक के दौरान जनपदीय टीम द्वारा की गई कार्रवाई और राजस्व वृद्धि में किए जा रहे प्रयासों को देख संयुक्त आबकारी आयुक्त संतुष्ट नजर आए। संयुक्त आबकारी आयुक्त ने कहा बाहरी राज्य दिल्ली व हरियाणा से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए टीम प्रभावी कार्रवाई करें। टीम नियमित रूप से अभियान चलाकर चेकिंग करें। शराब की ऐसी दुकानों जिनके द्वारा कोटे का उठान काफी अंतराल पर किया जा रहा है, उनकी लगातार चेकिंग की जाए। कहीं ऐसा न हो ऐसे दुकानदारों द्वारा अवैध शराब की बिक्री की जा रही हो।
किसी भी दशा में आबकारी दुकानों में ओवर रेटिंग न होने पाए। प्रतिदिन दुकानों का निरीक्षण करें और डिजिटल पेमेंट के लिए भी विक्रेताओं को निर्देश दिए जाए। दुकानों के आसपास बिकने वाली अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए विक्रेताओं के साथ बैठक कर उन्हें भी सतर्क रहने के निर्देश दिए जाए। मिलावटी और नकली शराब की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाएं। इसके आबकारी संयुक्त आबकारी आयुक्त ने जनपदीय टीम के साथ रूट क्रॉप्स प्राइवेट लिमिटेड बीआईओ-1 का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीआईओ -1 पर उपलब्ध सभी *पंजीकृत इम्पोर्टेड ब्राण्डों की उत्तर प्रदेश में उपलब्धता सुनिश्चित करना , इंटीग्रेटेड एक्साइज सप्लाई चैन मैनेजमेंट सिस्टम (आईईएससीएमएस) प्रोजेक्ट के अंतर्गत मदिरा स्टॉक पर सुरक्षा क्यू आर कोड का नियमानुसार बोतलों पर एप्लीकेशन का निरीक्षण करते हुए सभी अनुमन्य इम्पोर्टेड ब्रांडों के रजिस्ट्रेशन की अनिवार्यता, सभी अनुमन्य इम्पोर्टेड ब्रांड्स को प्रीमियम रिटेल शॉप एवं होटल/ रेस्टोरेंट बार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आयातित मदिरा से संबंधित अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए नियमानुसार संचालन करने के लिए भी कहा।
साथ ही निर्देश दिए कि वह अपने गोदामों पर स्टॉक की उपलब्धता अधिक मात्रा में सुनिश्चित करें। साथ ही सभी पॉपुलर ब्रांड्स अपने गोदामों पर रखे, यह भी निर्देशित किया कि गोदाम के सीसीटीवी कैमरा सुचारू रूप से रखें। अभिलेखों के पूर्ण रखने एवं लाइसेंस की सभी शर्तों एवं नियमों का शत प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। नियमों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया संयुक्त आबकारी आयुक्त द्वारा राजस्व वसूली में बढ़ोत्तरी के साथ-साथ कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। जिस पर प्रतिदिन अभियान चलाकर कार्यवाही भी की जा रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी के लिए तैयार की गई रणनीति पर कार्य किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि राजस्व में इस बार बढ़ोतरी हुई है और लोग अवैध शराब के खिलाफ जागरूक होकर आबकारी विभाग की कार्रवाई में अपना सहयोग दें रहे है। टीम लगातार अपने-अपने क्षेत्र में चेकिंग एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। रात में भी अभियान चलाकर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब समेत तस्कर गिरफ्तार
जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर उक्त शराब को दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया रविवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 चंद्रशेखर सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुलिस्तानपुर मार्केट में पिंकी किराना स्टोर पर अवैध तरीके से शराब पीला रहे एवं बेच रहे नीरदेश कुमार पुत्र संदेश कुमार निवासी सूरजपुर गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 44 पव्वे कैटरीना देशी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर दुकान पर अवैध रुप से शराब पिलाने के साथ तस्करी भी कर रहा था। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात चेकिंग एवं दबिश दे रही है।




















