-40 प्रतिभागियों ने पाया फेशियल एस्थेटिक्स में हैंड्स-ऑन अनुभव
-उज्बेकिस्तान की प्रोफी यूनिवर्सिटी और डेंटोमैक्स इंटरनेशनल एकेडमी का सहयोग
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज के पेरियोडोन्टोलॉजी विभाग द्वारा मंगलवार को तीसरे एडवांस फेशियल एस्थेटिक्स कोर्स का समापन समारोह अत्यंत गरिमामय एवं ज्ञानवर्धक माहौल में आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें निजी प्रैक्टिशनर, कॉलेज के पूर्व छात्र, एमडीएस विद्यार्थी, संस्थान के फैकल्टी मेंबर्स और इंटर्न्स शामिल थे। कार्यक्रम के गेस्ट स्पीकर्स रहे प्रतिष्ठित फेशियल एस्थेटिक्स चिकित्सक एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता डॉ. आशीष कुमार सिंह और डॉ. गौरव तिवारी। इन्होंने प्रतिभागियों को केमिकल पील्स, बोटॉक्स, लेजर हेयर रिडक्शन, डर्मल फिलर्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी दी और प्रतिभागियों को इनका क्लीनिकल प्रैक्टिस में उपयोग करने के लिए प्रशिक्षित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात पेरियोडोन्टोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित मल्होत्रा ने स्वागत भाषण दिया और कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत की। निदेशक-प्रधानाचार्य डॉ. देवी चरण शेट्टी ने सभी प्रतिभागियों को उनके सक्रिय योगदान के लिए धन्यवाद दिया। आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा द्वारा सभी प्रतिभागियों को फेशियल एस्थेटिक्स फेलोशिप प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त संस्थानों डेंटोमैक्स इंटरनेशनल एकेडमी और प्रोफी यूनिवर्सिटी, उज्बेकिस्ता के सहयोग से प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन में डॉ. आशीष सिंह ने एक सशक्त ओरिएंटेशन लेक्चर प्रस्तुत किया जिसमें चेहरे की समरूपता, संतुलन एवं इंटरडिसिप्लिनरी दृष्टिकोण की महत्ता पर चर्चा की गई।
यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। आईटीएस डेंटल कॉलेज ने यह प्रमाणित किया कि वह दंत चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और उन्नयन की ओर अग्रसर है। लेज़र और फेशियल एस्थेटिक्स क्लीनिक इसका जीवंत प्रमाण हैं। छात्रों को सौंदर्य दंत चिकित्सा में निपुण बनाने के उद्देश्य से यह हैंड्स-ऑन कोर्स एक अत्यंत सफल पहल साबित हुआ। सभी प्रतिभागियों ने इस अद्भुत अवसर और समृद्ध प्रशिक्षण के लिए आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा एवं वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को हार्दिक धन्यवाद प्रेषित किया और इस तरह के कार्यक्रमों को भविष्य में भी जारी रखने की अपील की।

















