फैक्ट्री में जबरदस्त विस्फोट, 4 श्रमिकों की मौत

पश्चिम बंगाल के जनपद मालदा में दर्दनाक हादसा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के जनपद मालदा में वीरवार को प्लास्टिक फैक्ट्री में धमाका होने से एकाएक हड़कंप मच गया। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई। हादसे में 4 श्रमिकों की मौत होने की खबर है। इसके अलावा 4 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मचारियों ने आग पर पाने का प्रयास किया। विकराल रूप धारण कर लिए जाने के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आईं। पुलिस का कहना है कि आग के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के मताबिक जनपद मालदा के सुजापुर में प्लास्टिक फैक्ट्री है। जहां वीरवार की सुबह करीब 11 बजे यह घटना प्रकाश में आई है। फैक्ट्री के भीतर अचानक विस्फोट होने से आग लग गई। उस समय वहां काफी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे। हादसे की चपेट में आने से 4 श्रमिकों की जान चली गई। 4 अन्य श्रमिक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए प्रयास आरंभ कर दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने हेतु काफी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। दमकल कर्मचारी आग बुझाने तथा मलबे में से जिंदा श्रमिकों को बचाने में जुटे हैं। फैक्ट्री के बाहर आस-पास की फैक्ट्रियों के सैकड़ों कर्मचारी भी एकत्र हो गए। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी मालूम नहीं पड़ पाया है। फिलहाल पूरा जोर आग बुझाने और मलबे में फंसे श्रमिकों की जिंदगी बचाने पर है। उधर, फैक्ट्री में विस्फोट के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका ने आस-पास की फैक्ट्रियों में कार्यरत श्रमिकों की बेचैनी बढ़ा दी।