जेएनयू की पूर्व छात्र नेता फिर विवादों में घिरीं
बेटी का आरोप, मेरे पिता नापाक और दुष्ट इंसान
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू (जेएनयू) यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्र नेता शेहला राशिद फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उन्हें अपनों के निशाने पर आना पड़ा है। पिता अब्दुल राशिद शोरा ने बेटी शेहला राशिद पर राष्ट्र विरोधी (एंटी-नेशनल) होने का आरोप मढ़ा है। राशिद ने बेटी से अपनी जान को खतरा भी बताया है। इस संदर्भ में उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर शिकायत की है। उधर, शेहला ने भी पिता पर हमला बोला है। डीजीपी को भेजे पत्र में अब्दुल राशिद शोरा ने लिखा है कि शेहला राशिद राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त है। उन्होंने शेहला को विदेशी एनजीओ से फंडिंग की बात भी कही है। उन्होंने डीजीपी को अंग्रेजी में 3 पन्नों का पत्र लिखा है। पिता की तरफ से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद जेएनयू की पूर्व छात्र नेता शेहला राशिद पुन: सुर्खियों में आ गई हैं। हालांकि शेहला ने बयान जारी कर पिता के आरोपों को नकार दिया है। शेहला ने ट्वीट कर लिखा है कि परिवार में ऐसा नहीं होता, जैसा मेरे पिता ने किया है। मेरे साथ-साथ मेरी मां और बहन पर भी बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। वह पत्नी को पीटने वाले एक अपमानजनक और दुष्ट इंसान हैं। हमने उनके विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। शेहला ने यहां तक कहा कि सीधे शब्दों में कहें तो उनके पिता एक वाइफ बीट और अपमानजनक, नापाक आदमी है। वहीं, अब्दुल राशिद शोरा ने कहा कि मैंने अदालत के ऑर्डर पर स्टे लिया है। इसके बाद मुझे घर में ठहरने की इजाजत दी गई है, मगर मुझे एसएचओ ने रूकने नहीं दिया। इसके बाद मैंने शिकायत की है। वहीं, पिता-पुत्री के बीच की यह जुबानी जंग सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गई है। कुछ यूजर्स ने कहा है कि शेहला राशिद का असली चेहरा उजागर हो गया है। हालांकि कुछ यूजर्स शेहला के पक्ष को सही बता रहे हैं।
















