प्लास्टिक उत्पाद बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग

दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के आनंद इंडस्ट्रीयल एस्टेट में आज प्लास्टिक की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इससे एकाएक अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को आनन-फानन में पीछे के गेट से बाहर निकाल लिया गया। आग लगने की सूचना पाकर पर दमकल विभाग के 12 वाहन मौके पर आ पहुंचे। दमकल विभाग ने टीम ने 40 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। इस दौरान किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। साहिबाबाद थानांतर्गत आनंद इंडस्ट्रीयल एस्टेट में दोपहर करीब ढाई बजे प्लास्टिक उत्पाद बनाने की फैक्ट्री में आग लग गई। उस वक्त फैक्ट्री के भीतर कर्मचारी काम कर रहे थे। आनन-फानन में कर्मचारियों को फैक्ट्री के पिछले गेट से बाहर निकाया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 4 गाड़ियां वहां आ पहुंची, मगर आग ज्यादा तेजी से फैलने के कारण दमकल की 8 और गाड़िय़ों को बुलवाना पड़ा। सीएफओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 40 मिनट में आग पर काबू पाया गया। फैक्ट्री के अगले हिस्से में स्याही व सॉल्वेंट के डिब्बों में आग लगी थी। धीरे-धीरे डिब्बे फटने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सीएफओ सिंह ने बताया कि टेंडर फोम के जरिए आग पर काबू पाया गया। यदि प्लास्टिक के गोदाम में आग पहुंच जाती तो नियंत्रण पाने में काफी मुश्किल होती। आग से कई लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उधर, फैक्ट्री में आग लगने के बाद औद्योगिक क्षेत्र में काफी समय तक अफरा-तफरी का आलम रहा। आस-पास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी भी बाहर निकल आए। पुलिस ने फैक्ट्री के पास भीड़ को एकत्र नहीं होने दिया।