थर्माकोल फैक्टरी में लगी भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

-फैक्ट्री में रखा लाखों का सामान जलकर हुआ राख

गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के साउथ साइड ऑफ जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित राठी मिल थर्माकोल बनाने वाली प्रकाश पैकेजिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। भीषण आग लगने से फैक्ट्री में रखा सामान जलकर राख हो गया।आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। थर्माकोल फैक्टरी में लगी भीषण आग के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धुआं उठता देख वहां मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर मेंं करीब 1.33 बजे प्रकाश पैकेजिंग फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली।साउथ साइट ऑफ जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र में विनोद सचदेवा की प्रकाश पैकेजिंग के नाम से फैक्ट्री है। हादसे के समय फैक्ट्री में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। लंच ब्रेक होने के कारण सभी कर्मचारी बाहर खाना खाने गए हुए थे। इस दौरान हादसा हुआ। दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लगी हुई देखकर दमकल विभाग को सूचना दी गई।
फैक्ट्री में थर्माकोल होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया।

राहुल पाल का कहना है कि आग बढ़ती हुई देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में भी आग फैलने का खतरा था।इसके चलते आसपास की फैक्ट्रियों को भी खाली कराया गया। इसके बाद फैक्ट्री को चारों तरफ से घेरकर पानी बरसाकर आग पर काबू पाया गया। मौके पर फोम टेंडर मंगाया गया लेकिन इसकी आवश्यकता नहीं पड़ी।सूचना मिलने के बाद मौके पर 5 फायर टेंडर दमकल कर्मियों के साथ भेजे गए। इनमें कोतवाली, दो टेंडर वैशाली,साहिबाबाद, लोनी व एक फायर टेंडर सेक्टर-58 नोएडा से फैक्ट्री में भेजे गए।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर बिग्रेड कर्मियों ने फैक्ट्री में लगी भीषण आग को चारों तरफ से घेरते हुए आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में लगी आग की जांच की जा रही है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग पूरी तरह से बुझा दी गई।इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग पर काबू पाने के साथ अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंचने से रोका गया।