जेल से बाहर आएंगी फिरोज नाडियाडवाला की बेगम
मुंबई। नामचीन फिल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला की पत्नी शबाना सईद को अदालत से जमानत मिल गई है। 15 हजार रुपए की जमानत देकर वह जेल से बाहर आ जाएंगे। वह फिलहाल कल्याण जेल में बंद हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने 8 नवंबर को मुंबई के जुहू में फिरोज नाडियाडवाल के बंगले पर छापा मारा था। जुहू में नाडियाडवाल का 3 मंजिला बंगला है। रेड के बाद एनसीबी की टीम ने करीब 7 घंटे तक बंगले की सघन तलाशी ली थरी। बंगले से करीब 10 ग्राम ड्रग्स बरामद हुई थी। इस कार्रवाई के दरम्यान फिरोज नाडियाडवाल घर पर नहीं थे। फिरोज को सोमवार को जांच में शामिल होने के लिए कहने पर आवास पर समन चिपकाया गया था। एनसीबी की टीम ने फिरोज की पत्नी शबाना सईद को गिरफ्तार किया था। शबाना की तरफ से कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई थी। याचिका का एनसीबी ने विरोध किया था। शबाना के अधिवक्ता अयाज खान ने बताया कि बरामद दवा की मात्रा बेहद कम थी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उपभोग के लिए था, न कि किसी व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए। खान ने कोर्ट को यह भी बताया कि शबाना के 10 साल से कम उम्र के 3 बच्चे हैं। वह अपने पति से अलग रहती हैं, इसलिए उन्हें बच्चों की देखभाल के लिए जल्द से जल्द घर पहुंचना जरूरी है। शबाना कल्याण जेल में बंद हैं। उनकी रिहाई के कागजात मंगलवार को कोर्ट से बाहर नहीं निकाले जा सके। दरअसल दलीलें दिन में बहुत देर से हुईं। रिहाई की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के बाद शबाना सईद बुधवार को जेल से बाहर आ जाएंगी। उधर, समन मिलने पर फिरोज सोमवार को एनसीबी के समक्ष पहुंचे थे। एनसीबी ने फिरोज से लगभग 9 घंटे तक पूछताछ की। बता दें कि फिरोज नाडियाडवाल ने फिर हेरा फेरी, आवारा पागल दीवाना और वेलकम जैसी फिल्में बनाई हैं।
















