गाजियाबाद। मुरादनगर श्मशान घाट हत्याकांड के गुनाहगारों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कतई बख्शने के मूड में नहीं नहीं हैं। हत्याकांड के असली गुनहगारों को बचाने की कोशिशें पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों पर भी भारी पड़ सकती है। थोड़ी देर के लिए गाजियाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बात के संकेत दे दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच पर भी उनकी नजर रहेगी। इस बात का ध्यान रखा जाए कि असली गुनहगार को सबक सिखाया जाए। बाद में वह रोहतक (हरियाणा) के लिए हवाई मार्ग से रवाना हो गए। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी मौजूद रहें। सीएम ने इस प्रकरण में दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा पीडि़त परिवारों की हरसंभव मदद करने को कहा। जिसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, डीएम अजय शंकर पाण्डेय एवं मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी ने उखलारसी श्मशान घाट हादसे से प्रभावित पीडि़त परिवारों से मुलाकात की। 
इस बीच 14 मृतक आश्रितों को 10-10 लाख रुपए की सहायता राशि के चैक वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन संवेदनशील होकर कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। उप्र सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह मृतक परिवारों को सांत्वना एवं सहायता धनराशि प्रदान करने के उद्देश्य से मुरादनगर पहुंचे। 
उन्होंने 14 मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की सहायता प्रदान की। उन्होंने पीडि़त परिवारों से कहा कि सरकार का उन्हें पूर्ण सहयोग रहेगा और उनकी यथासमय हरसंभव मदद कराई जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, उप जिलाधिकारी मोदीनगर आदित्य प्रजापति आदि मौजूद रहे।
















