नफे में मोदी, अमित शाह को हुआ नुकसान

– सालभर में पीएम की संपत्ति में 36 लाख की वृद्धि
-32.3 करोड़ रुपये से घटकर 28.63 करोड़ रुपये हो गई गृहमंत्री की संपत्ति

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की संपत्ति में उतार-चढ़ाव आया है। ऐसे में पीएम मोदी नफे में और होम मिनिस्टर शाह नुकसान में रहे हैं। मोदी की संपत्ति में जहां बढ़ोत्तरी हुई है, वहीं शाह को घाटा उठाना पड़ा है। साल 2019 के मुकाबले 2020 में इन दोनों शख्सियत की संपत्ति में काफी अंतर आया है। इस अवधि में पीएम मोदी की संपत्ति में 36 लाख रुपए की बढ़ोत्तरी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी संपत्ति का खुलासा किया है।

यह भी पढ़े : गोल्ड तस्करी केस : डी कंपनी पर शक गहराया

ताजा घोषणा पत्र के मुताबिक 30 जून 2020 में पीएम मोदी की कुल संपत्ति 2.85 करोड़ रुपए रही है। पिछले साल यह संपत्ति 2.49 करोड़ रुपए थी। मोदी की अचल संपत्ति में लगभग कोई परिवर्तन नहीं आया है। पीएम ने गांधीनगर में 1.1 करोड़ रुपए का भूखंड और मकान होने की जानकारी दी है। उनके बचत खाते में 30 जून को 3.38 लाख रुपए थे। जून के अंत में उन्होंने अपने पास 31 हजार 450 रुपए रखे। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की गांधीनगर शाखा में फिक्स डिपॉजिट राशि 30 जून 2020 तक बढ़कर 1,60,28,039 रुपए हो गई। यह राशि बीते वित्त वर्ष में 1,27,81,574 रुपए थी। प्रधानमंत्री मोदी के पास कोई देनदारियां नहीं हैं। वह कार भी नहीं रखते हैं। वह 8,43,124 रुपए के राष्ट्रीय बचत प्रमाण पत्र के जरिए टैक्स सेविंग करते हैं।

यह भी पढ़े : गूगल पर उल्टा-पुल्टा, सेलिब्रेटिज शॉक्ड

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह के पास पिछले साल तक 32.3 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। यह जून 2020 में घटकर 28.63 करोड़ रुपए रह गई है। घोषणा पत्र के मुताबिक शाह के पास 10 अचल संपत्तियां हैं। इन संपत्तियों की कीमत 13.56 करोड़ रुपए है। उनके पास 15 हजार 814 रुपए नकद और 1 करोड़ रुपए बैंक बैलेंस है। इंश्योरेंस, पेंशन पॉलिसीज मिलाकर कुल 13.47 लाख रुपए है। 2.79 लाख रुपए फिक्स्ड डिपॉजिट में हैं। इसके अलावा 44.47 लाख रुपए के आभूषण हैं। 2020 में शेयर बाजार में गिरावट के कारण शाह की संपत्ति में कमी आई है।