श्मशान घाट में मौत: सरकारी इंजीनियर, ठेकेदार और नगर पालिका के ईओ के खिलाफ FIR दर्ज

मुरादनगर थाने में मुरादनगर नगर पालिका की ईओ निहारिका सिंह, जेई चन्द्रपाल, सुपरवाइजर आशीष, ठेकेदार अजय त्यागी एवं अन्य के खिलाफ धारा 304, 337, 338, 427, 409 में दर्ज हुआ मुकदमा

गाजियाबाद। मुरादनगर थानांतर्गत उखलारसी श्मशान घाट में हुए हादस के बाद मृतकों के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर मुरादनगर पुलिस ने नामजद एवं अज्ञात समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए पुलिस ने निर्माण कार्य में शामिल नगर पालिका के इंजीनियर को हिरासत में भी लिया है। पुलिस जल्द ही इस मामले में  आरोपियों को गिरफ्तार कर सकती है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ  गैर इरादतन हत्या जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ग्रामीण ईराज राजा ने बताया कि परिजनों की दी गई तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर ठेकेदार समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नही जाएगा।

यह भी पढ़ें : श्मशान घाट में मौत का खौफनाक मंजर, अंतिम संस्कार में शामिल 21 लोगों की मौत, मच गई चीख पुकार

बता दें कि मुरादनगर के दयानंद कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय दयाराम की शनिवार रात को बीमारी के चलते मौत हो गयी थी। रविवार को उनके अंतिम संस्कार में 100 से ज्यादा मोहल्लेवासी व रिश्तेदार शामिल हुए थे। अंतिम संस्कार की अंतिम प्रक्रिया चल रही थीं। पुजारी के आहवान पर सभी लोग श्मशान घाट परिसर में बने भवन के अंदर खड़े होकर आत्म शांति पाठ कर रहे थे।

यह भी पढ़ें : अपडेट: अंतिम संस्कार में शामिल हुए 23 लोगों की श्मशान घाट में मौत, श्मशान घाट में मौत का खौफनाक मंजर

इसी दौरान एक तरफ की जमीन धंस गयी। इससे दीवार नीचे बैठ गई और लेंटर गिर गया। किसी को भागने तक का मौका नहीं मिला। चीख पुकार के बीच कुछ लोग उसके अंदर ही मलबे में दब गए जबकि कुछ ने दौड़कर अपनी जान बचाई। इस हादसें में 25 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल है। जिनका उपचार जिला एमएमजी अस्पताल एवं निजी अस्पतालों में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की  हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। मुरादनगर पुलिस स्टेशन में मुरादनगर नगर पालिका के ईओ निहारिका सिंह, जेई चंद्रेंद्रपाल, पर्यवेक्षक आशीष, ठेकेदार अजय त्यागी और अन्य के खिलाफ धारा 304, 337, 338, 427, 409 दर्ज की गई थी।