मुश्किल में बाहुबली मुख्तार अंसारी का कुनबा

बसपा सांसद अफजाल की पत्नी पर एफआईआर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बाहुबली मुख्तार अंसारी के कुनबे की मुश्किलें निरंतर बढ़ रही हैं। अब मुख्तार के भाई और बसपा सांसद अफजाल अंसारी की पत्नी समेत कई अन्य के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया गया। लखनऊ पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बाहुबली मुख्तार अंसारी के खिलाफ योगी सरकार का सख्त रूख देखने को मिल रहा है। अंसारी की अवैध संपत्तियों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अब मुख्तार अंसारी के भाई एवं गाजीपुर से बसपा सांसद अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। फरहत सहित अन्य के विरूद्ध पुलिस ने आईपीसी की धाराएं 120बी, 420, 447, 448 और 427 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। लखनऊ में जियामऊ के लेखपाल की शिकायत पर थाना हजरतगंज में यह रिपोर्ट लिखी गई है। शिकायत में निष्क्रांत संपत्ति पर कब्जा करने का उल्लेख है। सांसद अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप है। सरकारी संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई हैद्ध जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जाएबी। सनद रहे कि मुख्तार अंसारी के बेटे और अफजाल अंसारी की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया जा चुका है। एसटीएफ की जांच में मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी की ग्लॉक पिस्टल और स्पेयर बैरल अवैध पाई गई है। अब्बास ने पहले पूछताछ में बताया था कि यह गन शूटिंग किट है। एसटीएफ ने राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया से इस संदर्भ में जानकारी मांगी थी कि 3 स्पेयर बैरल शूटिंग इवेंट्स में इस्तेमाल होती है अथवा नहीं। राइफल एसोसिएशन ने इस प्रकार के बैरल पर प्रतिबंध होना बताया गया है।