हादसा : एमटीएनएल की इमारत में भीषण आग

दमकल विभाग ने संभाली स्थिति, कोई हताहत नहीं

नई दिल्ली। दिल्ली के जनपथ में किदवई भवन स्थित महानगर टेलीफोन निगम लि. (एमटीएनएल) की इमारत में मंगलवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इमारत में छठी मंजिल पर अचानक आग लग गई। हादसे की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दर्जनभर से ज्यादा गाड़ियां मौके पर आ पहुंची। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस बीच किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल विभाग को सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। किदवई भवन में महानगर टेलीफोन निगम लि. (एमटीएनएल) का कार्यालय है। इमारत की छठी मंजिल पर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कर्मचारी तुरंत सुरक्षित स्थानों की तरफ दौड़ लिए। आग से काफी कुछ जलकर नष्ट हो गया। दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद 15 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि आग को पूरी तरह बुझा लिया गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस बीच किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने से विभाग में काम-काज प्रभावित रहा। कार्यालय को पुन: व्यवस्थित करने की कोशिशें आरंभ हो गई हैं। इसमें कई दिन का समय लग सकता है। बता दें कि दीपावली पर्व पर दिल्ली में केशवपुरम थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के पास स्थित मुगल रेस्टोरेंट में आग लग गई थी। आग से समूचा रेस्टोरेंट राख हो गया था। इससे कई लाख रुपए की संपत्ति को नुकसान पहुंचा। दीपावली पर दिल्ली में आग लगने की कुल 206 घटनाएं दर्ज की गईं, जो पिछले 2 साल में सबसे कम है। दीपावली पर दिल्ली में दमकल विभाग की टीमें रातभर दौड़ती रही थीं।