गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा 27 जुलाई से 2 अगस्त तक उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल लीग का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को पहले दिन मेजबान नेहरु वर्ल्ड स्कूल के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके लिए 2 बजे खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, टीम मालिकों व रेफरीज के पहुंचनें का सिलसिला शुरु हो गया था। सभी आगंतुकों का तिलक लगाकर व फूलमाला पहना कर स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोशिएशन की अध्यक्ष डॉ सीमा शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में खिलाडिय़ों को अनुशासन का महत्व समझाया व खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।
इस लीग को कराने के उददेश्य के पीछे अपने मकसद को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि यदि एक सीनियर खिलाड़ी एक नए खिलाड़ी को प्रशिक्षित करे तो बास्केट बॉल का महत्व कई गुना बढ़ जाएगा। टीम जर्सियाँ एवं किट टीम के कैप्टन व टीम कोच को मंच पर बुलाकर सौंपी गई व टीम की ग्रुप फोटोग्राफ खींची गई। इसके अलावा खिलाडिय़ों का फोटो सेशन किया गया। रविवार 28 जुलाई को सांसद अतुल गर्ग मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे। सायं 4 बजकर 30 मिनट पर पहला मैच मेरठ व कानपुर के बीच खेला जाएगा।


















