पहले छात्रा से दुष्कर्म फिर इमारत से नीचे फेंका

सड़क पर बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता

अहमदाबाद। गुजरात के सूरत शहर में जघन्य वारदात प्रकाश में आई है। कथित दुष्कर्म के बाद छात्रा को बहुमंजिला इमारत की छत से नीचे फेंक दिया गया। पीड़िता सड़क पर बेहोशी की हालत में मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में छात्रा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सूरत क्षेत्र के पार्ले प्वाइंट क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा सड़क पर बेहोश पड़ी मिली। पुलिस के मुताबिक पीड़िता के शरीर से खून बह रहा था। यह घटना बुधवार की देर रात की है। जोन-3 की पुलिस उपायुक्त विधि चौधरी का कहना है कि किसी ने कंट्रोल रूम में छात्रा के विषय में फोन कर पुलिस को सूचना दी। छात्रा गंभीर रूप से घायल है। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में लड़की के साथ दुष्कर्म होने और उसे इस क्षेत्र की एक इमारत की छत से नीचे फेंके जाने का पता लगा है। सूरत पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की पहचान करने व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पार्ले प्वांइट पांच मंजिला आवासीय इमारतों से घिरा है। ऐसे में अन्य इमारतों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच हो रही है। पुलिस ने बताया कि कॉलेज छात्रा बुधवार की सुबह अपने घर से शहर के वेसु क्षेत्र स्थित कॉलेज के लिए निकली थी, मगर शाम तक भी जब वह घर नहीं लौटी और फोन करने पर उसकी तरफ से जवाब नहीं मिला तो पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस छात्रा की तलाश कर रही थी कि इस बीच किसी ने कंट्रोल रूम में पीडि़ता के सड़क पर बेहोश पड़े होने की जानकारी दी।