-साप्ताहिक शुक्रवार परेड में दिखा पुलिस बल का अनुशासन और शौर्य
-परेड निरीक्षण के दौरान वर्दी, हथियार और तालमेल की हुई बारीकी से समीक्षा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर/मुख्यालय पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने परेड की भव्य सलामी ली और पूरी परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। सजे-धजे परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों ने कदमताल करते हुए अनुशासन और प्रतिबद्धता का शानदार प्रदर्शन किया। डीसीपी धवल जायसवाल ने जवानों की टुकडिय़ों का निरीक्षण करते हुए उनकी वर्दी, हथियार, अनुशासन और परेड के तालमेल का बारीकी से आकलन किया। इस दौरान उन्होंने जवानों की तैयारी पर संतोष व्यक्त किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना भी की। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि गाजियाबाद पुलिस का अनुशासन और प्रतिबद्धता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। पुलिस लाइन में होने वाली परेड केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमें फिटनेस, समयबद्धता और टीम वर्क का निरंतर अभ्यास कराती है। हर जवान का कदमताल यह संदेश देता है कि गाजियाबाद पुलिस सदैव जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूँ कि हर पुलिसकर्मी अपने दायित्व को केवल नौकरी न समझे, बल्कि इसे जनता की सेवा का एक पवित्र अवसर माने। अनुशासन, संवेदनशीलता और जनता से संवाद ये तीन बातें हमारी कार्यप्रणाली की आधारशिला हैं। हमें यह ध्यान रखना होगा कि गाजियाबाद की जनता का भरोसा ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस भरोसे को कायम रखना और और भी मजबूत करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के उपरांत डीसीपी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परेड केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यह पुलिस बल की तत्परता, अनुशासन और सेवा भावना का आईना होती है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवाद और संवेदनशीलता बनाए रखने की नसीहत दी और कहा कि गाजियाबाद पुलिस की छवि जनता की सुरक्षा और सेवा से ही मजबूत होगी।
डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और फिटनेस दोनों पर समान ध्यान देना होगा। अनुशासन, सतर्कता और जनता के प्रति उत्तरदायित्व ही एक सच्चे पुलिसकर्मी की पहचान है। अंत में श्री जायसवाल ने कहा कि पुलिस बल का सबसे बड़ा दायित्व है- जनता के विश्वास को बनाए रखना। कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच एक संगठित और अनुशासित पुलिस बल ही हर मुश्किल परिस्थिति से पार पा सकता है। उन्होंने जवानों से अपील की कि वे सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मंत्र को अपने कर्तव्यों का आधार बनाएं। इस दौरान डीसीपी देहात सुरेन्द्रनाथ तिवारी मौजूद रहे।

















