आक्रोश : पूर्व मुख्यमंत्री ने लौटाया पद्म विभूषण अवॉर्ड

किसान आंदोलन के समर्थन में आए प्रकाश सिंह बादल

नई दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल खुलकर किसानों के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने पद्म विभूषण लौटा दिया है। बादल ने केंद्र सरकार पर किसानों को गुमराह कर विश्वासघात किए जाने का आरोप मढ़ा है। उधर, अकाली दल के पूर्व नेता सुखदेव सिंह ढींढसा ने भी अपना पद्म भूषण सम्मान लौटाने की घोषणा की है। इसके पहले पंजाब के 3 पूर्व खिलाडिय़ों ने भी ऐलान किया है कि वह 5 दिसम्बर को दिल्ली आकर अपने अवॉर्ड लौटा देंगे। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन गरमाता नजर आ रहा है। किसान आंदोलन से निपटने को आज दिल्ली के विज्ञान भवन में सरकार के साथ 40 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की वार्ता भी चल रही है। इस बीच किसानों के समर्थन में नामचीन हस्तियां सामने आ रही हैं। इसी क्रम में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर कृषि कानूनों का विरोध किया है। उन्होंने आंदोलनरत किसानों पर पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की है। प्रकाश सिंह बादल ने पत्र में लिखा है कि मैं इतना गरीब हूं कि किसानों के लिए कुर्बान करने के लिए मेरे पास कुछ और नहीं है। मैं जो भी हूं किसानों की वजह से हूं। ऐसे में यदि किसानों का अपमान हो रहा है तो किसी तरह का सम्मान रखने का कोई लाभ नहीं है। उधर, अकाली दल के पूर्व नेता सुखदेव सिंह ढींढसा ने भी अपना पद्म भूषण सम्मान लौटाने की बात कही है। इसके पहले पंजाब के 3 नामचीन खिलाडिय़ों ने अपने अवॉर्ड लौटाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वह 5 दिसम्बर को दिल्ली आकर अपने अवॉर्ड वापस कर देंगे। बता दें पिछले 8 दिन से किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत हैं। 3 कृषि कानूनों के विरोध में संसद के मानसून सत्र के दरम्यान अकाली दल के हिस्से से काबीना मंत्री रहीं हरसिमरत कौर ने भी त्याग पत्र दे दिया था।