असम : पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन

3 बार सीएम और 6 बार लोक सभा सांसद रहे

नई दिल्ली। असम के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई अब नहीं रहे। लंबी बीमारी के बाद सोमवार को गोगोई का निधन हो गया। 86 वर्षीय गोगोई पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। डॉक्टरों ने सोमवार की सुबह गोगोई की हालत बेहद नाजुक होने की जानकारी दी थी। यह सूचना मिलने के असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल अपना डिब्ब्रूगढ़ दौरा स्थगित कर बीच रास्ते से गुवाहटी लौट गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री गोगोई के निधन पर दुख व्यक्त किया है। असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन की जानकारी दी। 3 बार असम के मुख्यमंत्री रहने के अलावा गोगोई 6 बार लोकसभा सांसद भी रहे थे। तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई कांग्रेस से सांसद हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि तरुण गोगोई लोकप्रिय नेता और वरिष्ठ प्रशासक थे, जिनका असम के साथ-साथ केंद्र में भी वर्षों का राजनीतिक अनुभव था। उनके निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर शोक व्यक्त किया। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि तरुण गोगोई सच्चे कांग्रेसी नेता थे। उन्होंने असम में सभी नागरिकों और समुदायों को एक साथ लाने हेतु अपना पूरा जीवन न्योछावर कर दिया। मेरे लिए वह एक महान और कुशल शिक्षक थे। मैं उन्हें तहे दिल से प्यार और उनका सम्मान करता था। मैं उन्हें याद करूंगा। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री गोगोई को गत 2 नवंबर को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। 21 नवंबर को स्थास्थ्य बिगडऩे के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। विगत 25 अगस्त को वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्हें जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। हालांकि 25 अक्तूबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।