आरिफ अनवर हाशमी पर 20 से ज्यादा मुकदमे
जनपद बलरामपुर में जिला प्रशासन की कार्रवाई
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी पर सरकारी शिकंजा कस गया है। हाशमी पर 20 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बलरामपुर में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पूर्व विधायक की 50 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त कर ली गई है। इस कार्रवाई से हाशमी के गुर्गों में भी हड़कंप मच गया है। सपा के पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी सितंबर से जेल में बंद है। बलरामपुर में जिला प्रशासन ने पूर्व विधायक हाशमी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई कर 50 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ प्रशासन की टीम ने पूर्व विधायक की संपत्तियों को जब्त किया है। प्रशासन ने मुनादी कराने से पहले डुगडुगी बजाकर पूर्व विधायक के कोतवाली उतरौला, थाना सादुल्लाह नगर सहित रेहरा बाजार थानांतर्गत संपत्ति को कुर्क किया है। संपत्ति के साथ साथ 4 वाहन भी कुर्क किए गए हैं। इन वाहनों की कीमत 65 लाख रुपये बताई जा रही है। जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि पूर्व विधायक आरिफ अनवर को भू-माफिया गिरोह का सरगना घोषित किया जा चुका है। अवैध रूप व अभिलेखों में हेरफेर से सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने के मुकदमे पूर्व विधायक पर दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आपराधिक तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त किया जा रहा है। एसडीएम अरुण कुमार गौड़ को पूर्व विधायक हाशमी की जब्त संपत्तियों का प्रशासक बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने बताया कि जब्त कुल 6.1 हेक्टेयर अचल संपत्तियों की अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ है। इन संपत्तियों में एजी हाशमी डिग्री कॉलेज, नेशनल महाविद्यालय रेहरा बाजार, मॉडल इंटर कॉलेज सादुल्लाह नगर, दारुल उलूम अल है सुन्नत सादुल्लाह नगर, सोसाइटी बालिका विकास सेवा संस्थान सादुल्लानगर आदि शामिल हैं। इस कार्रवाई के दरम्यान एहतियात के तौर पर भारी तादात में पुलिस बल की तैनाती रही।
















