पूर्व पीएम का हमला, पाक में कठपुतली सरकार

नवाज शरीफ ने सेना और सत्ता को दिखाया आईना

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में सेना और सरकार की जुगलबंदी की साजिश का पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का खुलासा किया है। पूर्व पीएम शरीफ ने सेना प्रमुख जनरल क़मर बाजवा और आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फैज़ हमीद पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। उन्होंने सेना और खुफिया एजेंसी पर चुनाव में धांधली कराकर कठपुतली सरकार को सत्ता में लाने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान में इमरान सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों ने इन दिनों मोर्चाबंदी कर रखी है। इससे सरकार की बेचैनी बढ़ गई है। इसी कड़ी में अब पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सेना प्रमुख, आईएसआई प्रमुख और प्रधानमंत्री इमरान खान की घातक जुगलबंदी का पर्दाफाश किया है। पूर्व पीएम शरीफ़ ने लंदन से वीडियो लिंक के जरिए गुजरांवाला में पीडीएम की रैली को संबोधित किया। उन्होंने सेना प्रमुख जनरल क़मर बाजवा और आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फैज़ हमीद पर गंभीर आरोप मढ़े। उन्होंने इन दोनों पर चुनाव में धांधली करने, मीडिया का उपहास उड़ाने, न्याय पालिका पर दबाव बनाने और विपक्षी राजनेताओं को निशाना बनाने जैसे आरोप लगाए हैं। नवाज शरीफ ने सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई पर उन्हें अपदस्थ करने और इमरान खान को सत्ता में लाकर कठपुतली सरकार बनवाने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को गिराने और इमरान को पीएम बनवाने के लिए सेना प्रमुख बाजवा दोषी हैं। उन्होंने पाक की इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस जासूस एजेंसी के प्रमुख पर साजिश रचने में शामिल होने का भी आरोप मढ़ा। शरीफ के भाषण का ज्यादातर हिस्सा पाकिस्तान के ब्रॉडकास्ट रेगुलेटरी अथॉरिटी द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के कारण न्यूज चैनलों ने कवर नहीं किया। पीडीएम की रैली में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के ताजा आरोपों से पाकिस्तान में सेना और सत्ता के बीच के गठजोड़ की कलई खुल गई है। बता दें कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री इमरान खान के एक करीबी ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भारत सरकार का एजेंट करार दे दिया था।