कारागार सेल और बाथरूम में भी कैमरों से निगरानी
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तनातनी रूक नहीं पाई है। विपक्षी नेता निरंतर इमरान सरकार की बखियां उधेडऩे में लगे हैं। दोनों तरफ से जुबानी जंग चल रही है। इसी क्रम में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मरियम नवाज का कहना है कि जेल में बंद रहने के दरम्यान उन्हें काफी टॉर्चर होना पड़ा। उनके सेल और बाथरूम के भीतर तक सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए थे। जेल प्रशासन की यह हरकत बेहद घटिया थी। चौधरी चीनी मिल केस में पिछले साल मरियम नवाज को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जेल में बंद कर दिया गया। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज का कहना है कि जेल में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। जेल प्रशासन ने उनके सेल और बाथरूम के भीतर तक सीसीटीवी कैमरा लगा रखा था। मरियम ने कहा कि मैं 2 बार जेल गई और अगर एक महिला होने के नाते मैं किन-किन मुश्किलों से गुजरी, इस बारे में अगर मुंह खोल दूं तो वे चेहरा दिखाने लायक नहीं रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह दुनिया को यह नहीं बताना चाहती हैं कि जेल के भीतर उनके साथ अन्याय किया गया। मरियम ने कहा कि प्रशासन के अधिकारी उनके होटल के कमरे में घुस जाते हैं और नवाज शरीफ के सामने उनकी बेटी का अपहरण कर लेते हैं। ऐसे में पाकिस्तान में कोई महिला सुरक्षित नहीं है। मरियम नवाज ने कहा कि एक महिला चाहे वह पाकिस्तान में हो अथवा बाहर वह कमजोर नहीं है। उन्होंने कहा कि इमरान सरकार को निश्चित रूप से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। मरियम नवाज ने कहा कि सेना के साथ यह बातचीत संविधान के दायरे में होनी चाहिए। पाकिस्तानी सेना ने उनके निकट सहयोगियों से बातचीत का प्रयास किया है, मगर उनके साथ कोई वार्ता नहीं हुई। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ लंबे समय से लंदन में रह रहे हैं। अपनी जान को खतरा बताकर उन्होंने पाकिस्तान में लौटने से साफ इंकार कर दिया है।
















