ग्रेटर नोएडा के बीआईसी ट्रैक परफॉर्मूला-1 रेस फिर लौटेगी

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। मोटरस्पोर्ट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। फॉर्मूला-1 ग्रुप ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) में फॉर्मूला-1 रेस फिर लौटैगी। इसको लेकर फार्मूला-1 प्रबंधन यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह से संपर्क किया है।

फॉर्मूला-1 रेस की भारत में वापसी को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। अब ग्रेटर नोएडा स्थित बीआईसी पर रेस हो सकती है। इस आयोजन से प्रदेश को न केवल अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ होगा। रेस सप्ताह के दौरान हजारों विदेशी पर्यटकों, टीमों और मीडिया प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को ग्लोबल स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान मिलेगी। भारत में आखिरी बार फॉर्मूला-1 रेस 2013 में आयोजित हुई थी। एक दशक के बाद इसका फिर से आयोजन होना देश के मोटरस्पोर्ट इतिहास के लिए एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। प्रशंसकों में इस खबर को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

वहीं,इससे पहले जापान रेस प्रमोशन कॉर्पोरेशन ने भी रेस कराने की पहल की है। फॉर्मूला 1 के बाद दुनिया की दूसरी सबसे तेज़ रेसिंग सीरीज़ जापान की सुपर फॉर्मूला बीआईसी में कराने की तैयारी है। इसको लेकर जापान रेस प्रमोशन कॉर्पोरेशन (JRC) ने यमुना अथॉरिटी का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में जेसीआर के अध्यक्ष योशीहिसा उएनो, तकनीकी निदेशक ताकुया होरी, कॉर्पोरेट रणनीति विभाग के महाप्रबंधक ताकाशी मात्सुई व अंतर्राष्ट्रीय बिक्री एवं विपणन विभाग के सहायक प्रबंधक जेनकी मिउरा शामिल थे। उन्होंने यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह, एसीईओ नागेंद्र प्रताप सिंह और ओएसडी शैलेंद्र भाटिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ओएसडी शैलेंद्र भाटिया के साथ यमुना सिटी के सेक्टर 25 स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट रेस ट्रैक का निरीक्षण किया।