-2.65 करोड़ की परियोजना से जाम और ओवरफ्लो की समस्या का होगा स्थायी समाधान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के इंदिरापुरम वासियों को अब बार-बार जाम और ओवरफ्लो होने वाली सीवर लाइन की समस्या से बड़ी राहत मिलने जा रही है। नगर निगम गाजियाबाद द्वारा वार्ड-79, न्याय खंड-1 में 2 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से नई सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सोमवार को महापौर सुनीता दयाल ने न्याय खंड-1 स्थित जीडीए मार्केट के सामने नारियल फोड़कर इस कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस मौके पर स्थानीय पार्षद हरीश कड़ाकोटी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नई सीवर लाइन जीडीए मार्केट से एमटीएस तक तथा सेंट टेरेसा होते हुए न्याय खंड-1 तक डाली जाएगी। इसमें 600 एमएम व्यास की आरसीसी एलसी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। पुराने समय में जीडीए द्वारा डाली गई सीवर लाइन अब जर्जर हो चुकी थी और कई स्थानों पर जाम होने के कारण न्याय खंड-1, अभय खंड और आसपास के क्षेत्रों में गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी।
कई बार पॉश इलाकों तक में भी ओवरफ्लो की समस्या विकराल रूप ले चुकी थी। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि इस नई सीवर लाइन के निर्माण के बाद लोगों को लंबे समय तक इस समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम के नगर निगम में हस्तांतरित होने के बाद से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सीवर, पानी की लाइन, नाले और अन्य बुनियादी ढांचों को दुरुस्त करने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम चल रहा है। महापौर ने कहा कि इंदिरापुरम में हर वार्ड में विकास कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी नगर निगम आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नगर निगम और महापौर का आभार जताया। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और कहा कि इस कार्य से क्षेत्र के हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम में भगवती प्रसाद जुयाल, सोबन सिंह, हरसिंग मेहता, परेश्वर जुयाल, डॉ. जयश्री सिन्हा, प्रतिभा कड़ाकोटी, आदित्य, अनुपम शुक्ला, नंदकिशोर, एसके सिन्हा, तोशी, पीसी कोटनाला, सूरज सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















