चार साल का इंतजार खत्म, 15 अगस्त को दौड़ेगा सेक्टर-51/52 स्काईवॉक

-एक्वा और ब्लू लाइन के बीच आसान होगा सफर, हजारों यात्रियों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
-तीन महीने में पूरा होना था प्रोजेक्ट, चार साल बाद भी संचालन का इंतजार
-सड़क पार करने और लंबा चक्कर लगाने से मिलेगी राहत, सुरक्षित पैदल मार्ग से जुड़ेगा दोनों स्टेशन

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने के लिए बनाए गए स्काईवॉक के संचालन में लगातार हो रही देरी पर नोएडा प्राधिकरण ने अब सख्त रुख अपना लिया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त तक स्काईवॉक आम यात्रियों के लिए हर हाल में खोल दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

यह स्काईवॉक नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के सेक्टर-51 स्टेशन और दिल्ली मेट्रो के सेक्टर-52 स्टेशन को जोड़ने के लिए बनाया गया है। इसका उद्देश्य दोनों मेट्रो नेटवर्क के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है। स्काईवॉक शुरू होने के बाद यात्रियों को सड़क पार करने या लंबा चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय की भी बचत होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। तीन महीने की परियोजना चार साल से अटकीयह परियोजना महज तीन महीने में पूरी होनी थी, लेकिन विभिन्न तकनीकी और समन्वय संबंधी कारणों से इसका संचालन करीब चार साल से शुरू नहीं हो सका। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद स्काईवॉक जनता के लिए नहीं खुल पाया, जिससे रोजाना दोनों मेट्रो लाइनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

यात्रियों और स्थानीय लोगों की ओर से भी लंबे समय से स्काईवॉक शुरू कराने की मांग की जा रही थी। कई बार इसके उद्घाटन और संचालन की संभावित तारीखें सामने आईं, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से मामला टलता रहा। अब नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना को लेकर अंतिम समय सीमा तय कर दी है। सीईओ कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी कर स्काईवॉक को जनता के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस बार किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार स्काईवॉक के संचालन से एक्वा लाइन और ब्लू लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा पहले से अधिक आसान हो जाएगी। इससे रोजाना हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुगम बनेगी। स्काईवॉक चालू होने के बाद यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों के बीच सुरक्षित पैदल मार्ग मिलेगा। इससे सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और दोनों मेट्रो नेटवर्क के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। यह सुविधा खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत साबित होगी।

कृष्णा करुणेश
मुख्य कार्यपालक अधिकारी
नोएडा प्राधिकरण

“सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों के बीच बने स्काईवॉक का संचालन 15 अगस्त तक हर हाल में शुरू कराया जाए। यदि तय समय सीमा तक यह शुरू नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।”

— कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण