यूएई के विदेश मंत्री का महत्वपूर्ण बयान
नई दिल्ली। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को भारत के बाद यूएई का साथ मिल गया है। यूएई के विदेश मंत्री अनवर गार्गाश ने फ्रांसिसी राष्ट्रपति के रूख का समर्थन किया है। यूएई के विदेश मंत्री गार्गाश ने कहा है कि मुस्लिमों को मैक्रों की पश्चिमी समाज के अनुकूल ढलने की बात मान लेनी चाहिए। बता दें कि फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून छपने के बाद से कई मुस्लिम देश विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इन देशों द्वारा फ्रांस के सामान का बहिष्कार करने की अपील तक की गई है। खासकर पाकिस्तान व तुर्की ने फ्रांस के रूख का कड़ा विरोध किया है। हालांकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को अब यूईए का समर्थन भी मिल गया है। यूएई के विदेश मंत्री ने उनके पक्ष में बयान देकर मुस्लिम देशों से संयम बरतने की अपील की है। जर्मन डेली डाई वेल्ट को दिए साक्षात्कार में यूएई के विदेश मंत्री अनवर गार्गाश ने कहा कि मैक्रों ने अपने भाषण में जो कुछ भी कहा है, मुस्लिमों को उसे ध्यान से सुनने की जरूरत है। मैक्रों पश्चिम में मुस्लिमों को अलग-थलग नहीं करना चाहते हैं। वह अपनी जगह बिल्कुल सही हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों को पश्चिमी देशों में ज्यादा बेहतर ढंग से ढल जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि फ्रांस को अधिकार है कि वह अतिवाद और सामाजिक दूरियों से लड़कर इसे हासिल करे। यूएई के विदेश मंत्री ने फ्रांसिसी राष्ट्रपति पर लग रहे इस आरोप को खारिज कर दिया कि वह फ्रांस में रह रहे मुस्लिमों को निकालना चाहते हैं। उधर, फ्रांस की सरकार एक ऐसा कानून भी लाने जा रही है, जिसके अंतर्गत इस्लामिक कट्टरपंथ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्रांस में कुछ कट्टरपंथियों ने पिछले दिनों एक शिक्षक की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इसके बाद दूसरी घटना में चर्च में खूनखराबे को अंजाम दिया गया था।
















