अलकायदा के 50 आतंकियों का किया सफाया
पेरिस। आतंकवाद के खिलाफ फ्रांस एक्शन में आ गया है। आतंकवादियों नींव हिलाने को फ्रांस ने सख्त कार्रवाई की है। फ्रांस की सरकार का दावा है कि मध्य माली में सैन्य ऑपरेशन के दरम्यान कुख्यात आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े 50 से ज्यादा आतंकवादी मार दिए गए हैं। इससे अलकायदा को झटका लगा है। फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी है। फ्रांस ने मध्य माली क्षेत्र में हाल ही में सैन्य अभियान की शुरुआत की थी। फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने कहा कि मध्य माली में 30 अक्टूबर को फ्रांस के बहादुर जवानों ने 50 से ज्यादा जेहादियों को मौते के घाट उतार दिया है। अति महत्वपूर्ण सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया गया है। सेना ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी जब्त किए हैं। उन्होंने कहा कि वह फ्रांस के सैनिकों की प्रतिबद्धता को सलाम करती हैं। हमारी सीमाओं से बहुत दूर, वे हमारी सुरक्षा के लिए काम करते हैं। फ्रांस ने इस ऑपरेशन को बुर्किना फासो और नाइजर की सीमा के पास अंजाम दिया है। फ्रांस की सेना वहां मजहबी कट्टरपंथियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है। फ्रांस ने कहा है कि आतंकियों के खिलाफ जंग जारी रहेगी। आतंकवादियों से हार नहीं मानी जाएगी। बता दें कि आतंकवाद के खिलाफ फ्रांस की लड़ाई को भारत के बाद यूएई का भी समर्थन मिल चुका है। यूएई के विदेश मंत्री गार्गाश ने कहा है कि मुस्लिमों को मैक्रों की पश्चिमी समाज के अनुकूल ढलने की बात मान लेनी चाहिए। बता दें कि फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून छपने के बाद से कई मुस्लिम देश विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इन देशों द्वारा फ्रांस के सामान का बहिष्कार करने की अपील तक की गई है। यूएई ने फ्रांस का समर्थन कर मुस्लिम देशों को समझदारी से काम लेने की नसीहत दी है।
















