बिहार विधान सभा सत्र में जमकर मचा हंगामा
पटना। 17वीं बिहार विधान सभा के सत्र का सोमवार को आगाज हो गया। पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ ग्रहण कराई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दरम्यान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायक के कारनामे की वजह से काफी हंगामा मचा। एआईएमआईएम विधायक ने शपथ लेते समय हिंदुस्तान शब्द का उच्चारण करने से इंकार कर दिया। वह हिंदुस्तान की बजाए भारत शब्द का इस्तेमाल करने की जिद पर अड़ गए। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के विधायक की करतूत का सदन में खासा विरोध देखने को मिला। एआईएमआईएम विधायकों के इस व्यवहार का विरोध जनता दल (यू) ने भी किया। विधायक अख्तरुल इमान ने शपथ ग्रहण के समय हिंदुस्तान शब्द पर आपत्ति जताई। इमान को उर्दू भाषा में शपथ लेनी थी, मगर उर्दू में भारत की जगह हिंदुस्तान शब्द के इस्तेमाल पर उन्होंने आपत्ति जाहिर कर प्रोटेम स्पीकर से भारत शब्द का प्रयोग करने की मांग की। बाद में विधायक अख्तरुल इमान ने कहा कि वह आपत्ति नहीं जता रहे बल्कि सलाह दी है। हालांकि तब तक मामला तूल पकड़ चुका था। जेडीयू नेता मदन सहनी ने कहा कि विधायक को हिंदुस्तान बोलना चाहिए था। हिंदुस्तान बोलने में कोई हर्ज नहीं है। वह भारत बोलने पर अड़े थे। जबकि उनके भाषण में भारत की जगह हिंदुस्तान लिखा था। उधर, भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि जिन्हें हिंदुस्तान बोलने में परेशानी है, वह पाकिस्तान जाएं। ऐसे नागरिकों को भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है। बता दें कि एआईएमआईएम विधायकों ने शपथ भी उर्दू में ली। बिहार में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन मुस्लिम विधायकों के जीतने में आंकड़े में दूसरे नंबर पर है। एआईएमआईएम ने विधान सभा चुनाव में 5 सीटें जीती हैं। इस कामयाबी से उत्साहित एआईएमआईएम ने अब पश्चिम बंगाल का रूख किया है। पार्टी नेता ओवैसी ने पश्चिम बंगाल के आगामी विधान सभा चुनाव में भाग लेने का ऐलान किया है।
















