-हार्डवेयर इंजीनियर, दुकानदार समेत चार लुटेरे गिरफ्तार, लूट के 12 मोबाइल बरामद
गाजियाबाद। सिहानीगेट पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने के साथ-साथ उनके आईएमईआई नंबर बदलने व फोन का लॉक तोडऩे वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर, दुकानदार समेत चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से लूट के 12 मोबाइल, आईएमईआई नंबर, लॉक तोडऩे के उपकरण, तंमचा, चाकू, 6500 रुपए व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया गया है।
सिहानीगेट थाने में लूट की घटना का खुलासा करते हुए एसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह सिहानीगेट थाना प्रभारी नरेश शर्मा की टीम ने चेकिंग के दौरान लोहिया नगर मार्किट के पास से लूट की फिराक में घूम रहे निशान्त पुत्र उपेन्द्र निवासी इन्द्रापुरी लोनी बॉर्डर, गौरव पुत्र विनोद कुमार निवासी लक्ष्मी गार्डन लोनी बार्डर को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से लूट का मोबाइल, तंमचा, कारतूस बरामद किया गया। आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि गिरोह में दो अन्य सदस्य भी है। जो लूट व चोरी के मोबाइलों का आईएमईआई नंबर बदलने व फोन का लॉक तोडऩे के बाद उसे सस्ते दामों में लोगों को बेचने का काम करते है। आरोपियों की निशानदेही पर किशन पुत्र कैलाश निवासी इन्द्रापुरी कस्बा लोनी बार्डर एवं मौहम्मद समीर पुत्र मौहम्मद सलीम निवासी मौहम्मद सफीपुर पट्टी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से
आईएमईआई नंबर बदलने तथा मोबाइल के लॉक तोडने के डिवाइस, कम्प्यूटर एवं अन्य उपकरण बरामद किया गया। उन्होंने बताया पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के है, जो कि दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देते है। लूट के मोबाइल को अपने साथी किशन व मौहम्मद समीर के पास मोबाइल फोन रिपेयरिंग की दुकान पर ले जाते थे। जहां पर समीर विभिन्न कम्यूटर डिवायस के जरिए मोबाइल का आईएमईआई नंबर बदलने के साथ उस फोन का लॉक तोडऩे का काम करता था और किशन उक्त मोबाइल को अपनी दुकान से लोगों को सस्ते दामों में बेचता था। लूटे गये फोन को बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित करके आपस मे बांट लेते थे। मौहम्मद समीर ने कम्प्यूटर हार्डवेयर का कोर्स किया हुआ है, जो कि आईएमईआई नंबर बंदलने का मास्टर माइंड है। निशांत व गौरव पूर्व में लूट मामले में जेल जा चुके है। जो कि जेल से छूटने के बाद फिर से लूट की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी अब तक 50 से अधिक मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
















