नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे, 4000 करोड़ रुपये की लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना शुरू

-जेवर एयरपोर्ट से फास्ट ट्रैफिक और बेहतर लॉजिस्टिक्स की उम्मीद
-यूपीडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने बैठक कर दिया एलाइनमेंट का अंतिम रूप 

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 120 मीटर चौड़े लिंक एक्सप्रेस-वे का एलाइनमेंट पूरा हो गया है। 74 किमी लंबे एक्सप्रेसवे में 20 किमी हिस्सा यमुना प्राधिकरण में आता है। मेरठ, बुलंदशहर जैसे जिलों के लोग सीधे नोएडा एयरपोर्ट आ सकेंगे।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ने की कवायद में गंगा एक्सप्रेस-वे से यमुना एक्सप्रेस-वे को जोड़ने के लिए 120 मीटर चौड़े लिंक एक्सप्रेस-वे को बनाने की तैयारी जोरों पर है। लिंक एक्सप्रेस-वे 74.3 किलोमीटर का होगा। इसकी लागत करीब 4000 करोड़ रुपये आनी है। बुलंदशहर के स्याना से जाने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे को यमुना सिटी के फिल्म सिटी के नजदीक 120 मीटर रोड पर जोड़ा जाना है। यहां से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यमुना एक्सप्रेस-वे तक यह लिंक एक्सप्रेस-वे जुड़ेगा। लिंक एक्सप्रेस-वे को बनाने के लिए यूपीडा की ओर से एलाइनमेंट का काम पूरा हो गया है।

यूपीडा के एसीईओ एसपी सिंह गुरुवार को यमुना प्राधिकरण पहुंचे और सीईओ आरके सिंह के साथ बैठक की। प्राधिकरण के 20 किमी वाले हिस्से के एलाइनमेंट को अंतिम रूप दिया गया। इस पर करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जेवर एयरपोर्ट लगभग बनकर तैयार है, और इस लिंक के शुरू होते ही गंगा एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट तक सीधे सफर की सुविधा मिल जाएगी। गंगा एक्सप्रेस-वे जुड़ने के बाद फास्ट ट्रैफिक मूवमेंट और बेहतर लॉजिस्टिक्स संभव होगा। औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास को गति मिलेगी, और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए पूर्वी यूपी, बिहार और उत्तराखंड के लोग भी जेवर एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे।