-कन्या वैदिक स्कूल की 88 छात्राओं को लगाई गई वैक्सीन
-लायंस क्लब गाजियाबाद व सालासर टेक्नो इंजीनियर लिमिटेड की मुहिम से छात्राएं हो रही कैंसर के प्रति जागरूक
उदय भूमि
गाजियाबाद। महिलाओं में होने वाले सबसे जानलेवा कैंसर में से एक है, तथा बड़ी तेजी से पिछले कुछ सालों में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आंकड़ों की मानें तो भारत में हर साल लगभग एक लाख से ज्यादा महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का पता चलता है। सर्वाइकल कैंसर दरअसल महिलाओं में होने वाला एक घातक कैंसर होता है जो दुनिया भर में महिलाओं में चौथा सबसे प्रचलित कैंसर है। वहीं भारत की बात करें तो यहां यह महिलाओं में दूसरा सबसे प्रचलित कैंसर है। यह ज्यादातर 30 साल से अधिक उम्र की महिलाओं में होता है। लेकिन अगर समय रहते इसका टीका लगा दिया जाए तो इस बीमारी को रोका जा सकता है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव और जागरूकता के लिए लायंस क्लब गाजियाबाद द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को जागरूक करने के साथ उन्हें निशुल्क वैक्सीन भी लगा रहा है। जिसमें उनका सहयोग सालासर टेक्नो इंजीनियर लिमिटेड कर रही है।
घंटाघर स्थित कन्या वैदिक स्कूल की छात्राओं के लिए कविनगर लायंस क्लब गाजियाबाद द्वारा सर्वाइकल कैंसर रोकथाम टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल की 9-14 वर्ष की 88 छात्राओं को निशुल्क गार्डासिल सर्विक्स वैक्सीन लगाई गई। उक्त वैक्सीन की बाजार में कीमत करीब 3000 हजार रुपए है। अभी तक 124 छात्राओं को निशुल्क वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इस दौरान वैक्सीनेशन कमेटी के चेयरमैन लायन राकेश मित्तल, वाइस चेयरमैन संजय कांत और सालासर टेक्नो इंजीनियर लिमिटेड की डायरेक्टर तृप्ति गुप्ता मौजूद रहे। लायंस क्लब गाजियाबाद के नेतृत्व में 88 छात्राओं को निशुल्क गार्डासिल सर्विक्स वैक्सीन लगाई गई और उन्हें सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक भी किया गया। लायन राकेश मित्तल ने बताया दरअसल ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) एक यौन संचारित वायरस है और आमतौर पर इसके कारण संक्रमण होने पर जल्दी इसके तीव्र लक्षण नजर नहीं आते हैं।
जब तक लक्षण नजर आने शुरू होते हैं तब तक संक्रमण काफी ज्यादा फैल चुका होता है। वहीं कई बार जब तक इसके लक्षण नजर आते हैं तब तक इसके यौन संचारित रोग होने के चलते पीड़ित का पार्टनर भी संक्रमित हो चुका होता हैं। यदि 9 से 14 साल के बीच यौन संपर्क में आने से पहले लड़कियों को यह टीका लगा दिया जाए तो उनमें सर्वाइकल कैंसर के प्रसार को रोकने में 99 प्रतिशत कामयाबी मिल सकती है। कैंसर को हमेशा शरीर के उस अंग के नाम से जाना जाता है, जहां कैंसर शुरू होता है। कैंसर की शुरुआत ब्रेस्ट से होती है, जिसके सबसे ज्यादा मरीज होते है। उसके बाद गर्भाशय ग्रीवा में होता है, तो उसे गर्भाशय ग्रीवा कैंसर या सर्वाइकल कैंसर कहा जाता है। इस कैंसर को बच्चेदानी के मुंह का कैंसर भी कहा जाता है। किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर आप सर्वाइकल कैंसर की पहचान कर के डॉक्टर से परामर्श बहुत जरुरी है। जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, उनमें संक्रमण बढ़ने और इसके गंभीर रूप लेने का खतरा अधिक हो सकता है।


















