गाजियाबाद। जनपद के राशन कार्ड धारक एवं सदस्यों की ई-केवाईसी कराने के लिए शुक्रवार को राशन डीलर विक्रेताओं को ट्रेनिंग दी गई। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा चौधरी ने सभी राशन डीलरों को निर्देश दिए कि प्रदेश शासन के निर्देश पर सभी राशन कार्डधारकों के सदस्यों की ई-केवाईसी की जानी हैं।जनपद के राशन डीलर विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन के माध्यम से कार्डधारकों की यूनिट के अनुसार ई-केवाईसी कराने के लिए ट्रेनिंग कराई गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों से अपील भी की है कि 8 जून से जनपद की राशन डीलर दुकानों से वितरित होने वाले राशन को लेने के लिए वह अपना मोबाइल और राशन कार्ड में शामिल अपने परिवार के सभी सदस्यों को अपने साथ ले जाकर अपने राशन कार्ड के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूर्ण कराएं। 30 जून तक सभी राशन कार्ड धारकों के सदस्यों की ई-केवाईसी कराई जानी हैं। उन्होंने राशन डीलर दुकानदारों को निर्देश दिए कि राशन वितरण के साथ ई-केवाईसी भी जरूर कराएं।
















